श्रीगंगानगर
जिले के सूरतगढ़ में सोमवार को आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने वार्ड 11 में अतिक्रमण हटाने की मांग पर नगर पालिका में विरोध-प्रदर्शन किया। ये लोग ईओ के चैंबर में घुस गए और नारेबाजी शुरू कर दी। मौके पर ईओ शैलेंद्र गोदारा के मौजूद नहीं होने पर इन लोगों में रोष फैल गया। इन लोगों का कहना था कि वार्ड 11 में रीको इलाके में कई जगह कब्जे हैं और इन्हें हटाने के लिए कई बार नगर पालिका प्रशासन से आग्रह किया है लेकिन कार्रवाई नहीं हुई।
पार्टी के सूरतगढ़ विधानसभा क्षेत्र के अध्यक्ष राधेश्याम उपाध्याय ने बताया कि कार्यकर्ता दोपहर करीब बारह बजे नगर पालिका पहुंचे थे। उन्हें ईओ शैलेंद्र गोदारा को रीको क्षेत्र में वार्ड 11 में हो रहे कब्जों के बारे में बताना था, लेकिन वे मौके पर मिले ही नहीं। ऐसे में कार्यकर्ताओं में गुस्सा बढ़ गया और उन्होंने धरना लगाकर नारेबाजी शुरू कर दी। ये लोग चैंबर में बैठ गए। उनका कहना था कि पहले भी ईओ को इस बारे में ज्ञापन दिए गए, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। देर तक ईओ गोदारा के नहीं पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने पालिकाध्यक्ष ओम कालवा से संपर्क किया। कालवा के कार्रवाई का आश्वासन देने पर आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं ने धरना हटा दिया।