यातायात पुलिस कर्मियों व टेम्पो चालकों पर परेशान करने का आरोप हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। यातायात पुलिस कर्मियों व टेम्पो चालकों पर परेशान करने का आरोप लगाते हुए ई-रिक्शा चालकों ने गुरुवार को जिला परिवहन अधिकारी कार्यालय में प्रदर्शन किया। ई-रिक्शा यूनियन अध्यक्ष करण सोनी के नेतृत्व में विरोध-प्रदर्शन कर रहे ई-रिक्शा चालकों ने जिला परिवहन अधिकारी के नाम सीनियर इंस्पेक्टर को ज्ञापन भी सौंपा। इस मौके पर यूनियन अध्यक्ष करण सोनी ने बताया कि परिवहन कार्यालय में करीब 300 ई-रिक्शा पंजीकृत हैं। ई-रिक्शा मालिक ई-रिक्शा चलाकर अपना व अपने परिवार का जीवन-यापन करते हैं। ई-रिक्शा चालक जंक्शन-टाउन शहर में अगर कहीं से सवारी उठाते हैं तो टेम्पो चालक उन्हें रोक देते हैं तथा लड़ाई-झगड़ा करने पर उतारु हो जाते हैं। ई-रिक्शा की चाबी निकाल लेते हैं। गाली-गलौज करते हैं। रास्ते में कहीं से भी सवारी उठाते हैं तो टेम्पो चालक उनसे परमिट मांगते हैं। आॅटो चालकों के कारण उनका कार्य बिल्कुल नहीं चल रहा। ई-रिक्शा चालकों के लिए किश्त भरना व परिवार चलाना मुश्किल हो गया है। ई-रिक्शा की सब्सिडी भी अभी तक जारी नहीं हुई है। ई-रिक्शा चालकों का आरोप था कि वे यातायात पुलिस कर्मियों से भी काफी परेशान हैं। पुलिस जब मन में आया तब ई-रिक्शा का चालान काट देती है। तीन दिन पहले एक ई-रिक्शा चालक फल लेकर जंक्शन जा रहा था। रास्ते में पुलिस ने रोककर चालान काट दिया। पुलिस कर्मियों का कहना था कि वे सवारियों के अलावा कोई अन्य सामान ई-रिक्शा में नहीं ले जा सकते। ई-रिक्शा चालकों के अनुसार मात्र सवारियां ढोने से वे अपना व अपने परिवार का पेट नहीं भर सकते। इसलिए सवारियों ढोने के साथ लोडिंग का कार्य किया जा रहा है। लेकिन पुलिस प्रशासन की ओर से उनके साथ अन्याय किया जा रहा है। ई-रिक्शा चालकों ने मांग की कि ई-रिक्शा का रूट चार्ट निर्धारित किया जाए। आॅटो चालकों को पाबंद किया जाए कि वे ई-रिक्शा चालकों को सवारी बैठाने से न रोकें। साथ ही जंक्शन व टाउन शहर के बस स्टैंड में ई-रिक्शा स्टैंड उपलब्ध करवाए ताकि वहां से सवारियां उठा सकें। इस मौके पर केहरसिंह, रामबाबू, हरबंस सिंह, जगदीश, जगदीश, अनवर खां, नारायण राम, राकेश कुमार, दीपक, संतोष, अशोक, सुभाष, सुरज, चिंरजीलाल, सुखासिंह सहित कई अन्य ई-रिक्शा चालक मौजूद थे।