डमी परीक्षार्थी बैठाए जाने के प्रकरण की हो निष्पक्ष जांच
by seemasandesh
भाजपा कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री के नाम सौैंपा ज्ञापन हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। भादरा के एक परीक्षा केन्द्र पर डमी परीक्षार्थी बैठाए जाने के प्रकरण में शामिल गिरोह व जिम्मेदार व्यक्तियों का पता लगाकर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग को लेकर भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को मुख्यमंत्री के नाम एडीएम और जिला पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा। भाजपा जिलाध्यक्ष बलवीर बिश्नोई के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया कि गत दिनों राष्ट्रीय मुक्त विद्यालयी शिक्षा संस्थान (एनआईओएस) के भादरा स्थित परीक्षा केन्द्र एपेक्स पब्लिक स्कूल में डमी परीक्षार्थियों से कक्षा 10वीं की परीक्षाए दिलवाकर फर्जी तरीके से पास करवाने का गौरखधंधा सामने आया है। इस परीक्षा केन्द्र पर हनुमानगढ़ नगर परिषद सभापति गणेश राज बंसल के नाम पर किसी डमी विद्यार्थी की ओर से 10वीं की परीक्षा दिए जाने का गम्भीर मामला सामने आया है जबकि सभापति गणेश राज बंसल ने राष्ट्रीय मुक्त विद्यालयी शिक्षा संस्थान में कक्षा 10वीं का कोई भी परीक्षा फार्म/आवेदन नहीं करने की बात कही है। इससे यह मामला और भी ज्यादा गम्भीर हो गया है। यदि सभापति गणेश राज बंसल ने राष्ट्रीय मुक्त विद्यालयी शिक्षा संस्थान से कक्षा 10वीं का परीक्षा फार्म नहीं भरा तो इसकी जांच की जानी जरूरी है। ज्ञापन में मांग की गई कि नगर परिषद सभापति गणेश राज बंसल के नाम से कक्षा 10वीं का परीक्षा फार्म किसकी ओर से भरा गया व उनके निजी दस्तावेज किसकी ओर से परीक्षा फार्म में जमा करवाए गए, नगर परिषद सभापति गणेश राज बंसल के नाम से परीक्षा फार्म, हाल टिकट, पीसीपी बैच, स्टूडेंट आईडेंटी कार्ड 2021-2022, हाल टिकट थ्योरी, एक्जाम डेटस, पेमेंट हिस्ट्री, परिवार राशन कार्ड, मतदाता पहचान पत्र, जन्मतिथि चेंज की आॅनलाइन पेमेंट रसीद, आधार कार्ड, नोटिफिकेशन बाबत जन्मतिथि बदलाव, एडमिशन वैरिफाइड आदि दस्तावेज किसकी ओर से तैयार करवाए गए व परीक्षा फार्म में उपयोग में लिए गए, के संबंध में निष्पक्ष जांच की जाए। परीक्षा फार्म के लिए जमा करवाई गई फीस का आॅनलाइन भुगतान किसकी ओर से व किस बैंक खाता से किया गया तथा परीक्षा फार्म में मोबाइल नम्बर किसका भरा गया है एवं परीक्षा फार्म में ई-मेल आईडी किसकी प्रयोग में ली गई है, इन तथ्यों की निष्पक्ष जांच करवाई जाए। नगर परिषद सभापति गणेश राज बंसल के नाम से भरे गए परीक्षा फार्म पर परीक्षा केन्द्र एपेक्स पब्लिक स्कूल भादरा पर मौजूद होकर तीन पेपर सभापति गणेश राज बसल के नाम से किसकी ओर से दिए गए, इसकी निष्पक्ष जांच करवाई जाए व दोषियों के विरूद्ध मुकदमा दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। इसके अलावा ज्ञापन में हनुमानगढ़ जिले में राष्ट्रीय मुक्त विद्यालयी शिक्षा संस्थान के परीक्षा केन्द्रों की गहनता से जांच कर डमी विद्यार्थियों को किसी अन्य व्यक्ति के स्थान पर फर्जी तरीके से परीक्षा में बैठाकर परीक्षा दिलवाने के गौरखधंधे की गहनता से जांच करवाने तथा हनुमानगढ़ जिले में राष्ट्रीय मुक्त विद्यालयी शिक्षा संस्थान के परीक्षा केन्द्रों की गहनता से जांच कर डमी विद्यार्थियों को फर्जी तरीके से किसी अन्य व्यक्ति के स्थान पर परीक्षा में बैठाकर नकल करवाकर परीक्षा करवाने वाले गिरोह का पता लगाया जाए। इसके लिए कौन-कौन व्यक्ति जिम्मेदार हैं व किन-किन की मिलीभगत से यह सब कार्य हो रहा है, के संबंध में गहनता से जांच कर सख्त कार्रवाई की जाए। इस मौके पर भाजपा नेता अमित सहू, पूर्व सभापति राजकुमार हिसारिया, पूर्व उपसभापति नगीना बाई, जिला महामंत्री जुगल किशोर गौड़, नगर मण्डल अध्यक्ष पवन श्रीवास्तव, पार्षद स्वर्णसिंह, गुरदीप सिंह बराड़, बलराज सिंह दानेवालिया, सुनील अमलानी, संजय सांसी, सिंगाराम भाट, सुरेश धमीजा, प्रदीप ऐरी, सौरभ शर्मा, जिला मीडिया प्रभारी दीपक खाती, प्रदीप करवा, रवि कुमार, गुरविन्द्र सिंह मान, लेखराज जोशी, मनप्रीत सैनी, झमन पाइवाल, दलजीत सैनी, सुरज बावरी, विजय शोभराज, जयकिशन सेवानी, राजकुमार बागोरिया, मुकेश सोनी, नवल किशोर सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे।