जयपुर. राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत ने उदयपुर-अहमदाबाद रेलवे ट्रैक से हुई छेड़छाड़ मामले की तह तक जाने के निर्देश दिए है। सीएम गहलोत ने ट्वीट कर कहा- अहमदाबाद रेल मार्ग के ओडा रेलवे स्टेशन पुल पर रेल पटरियों को नुकसान पहुंचाने के मामले की घटना चिंताजनक है। पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर है। डीजी पुलिस के घटना की तह तक जाने के निर्देश दगिए है। रेलवे को पुल के पुनसंचालन में पूर्ण सहयोग किया जाएगा। इस मार्ग के रेल यात्रियों को गंतव्य तक पहुंचाया जा रहा है।
शनिवार रात ब्लास्ट होने से दहशत का माहौल
बता दें, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों 13 दिन पहले शुरू हुए उदयपुर-अहमदाबाद रेलवे लाइन पर शनिवार रात ब्लास्ट होने से दहशत का माहौल बन गया। प्रथम दृष्टया रेलवे ट्रैक को उखाड़ने के प्रयास में ब्लास्ट किया गया है और मौके पर बारूद भी मिला है। दरअसल घटनास्थल के आसपास माइनिंग एरिया भी है। पुलिस और रेलवे अधिकारियों ने जांच शुरू कर दी है। घटना स्थल के दोनों ओर से ट्रेन की आवाजही बंद है।
ग्रामीणों की सजगता से टला हादसा
स्थानीय ग्रामीणों की सजगता से इस नए रूट पर बड़ा हादसा टल गया। सूत्रों के मुताबिक घटना शनिवार देर रात सलूम्बर मार्ग पर केवड़े की नाल में ओढ़ा रेलवे पुल की है। यहां गत रात 10 बजे ग्रामीणों को आसपास धमाके की आवाज सुनाई दी। इसके बाद कुछ युवा तुरंत पटरी पर पहुंचे। वहां कि हालत सभी देख दंग रह गए। उन्होंने बताया कि रेलवे लाइन पर बारूद पड़ा था। ऐसा लगता है जैसे रेलवे पुल को उड़ाने की साजिश की गई है।