प्रयागराज. यूपी सरकार ने उमेश पाल हत्याकांड के आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। बुधवार सुबह माफिया अतीक अहमद के करीबी जफर अहमद के धूमनगंज थाना क्षेत्र के चकिया मोहल्ले के घर को बुलडोजर से गिराया जा रहा है। इसी घर में अतीक का परिवार किराए पर रहता था। जफर के घर से तलवार, पिस्टल और राइफल भी मिली है।
जफर के दो मंजिला मकान को प्रयागराज विकास प्राधिकरण की टीम गिरा रही है। दो मंजिला घर की मार्केट वैल्यू करीब 3 करोड़ बताई जा रही है। अतीक का मकान जब जब्त किया गया था तो जफर ने ही उसके परिवार को पनाह दी थी। जफर अतीक का खास गुर्गा है। दोनों बिजनेस पार्टनर भी हैं। हाल ही में उमेश पाल ने जफर पर भी केस दर्ज कराया था।
वहीं, अतीक के वकील ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की है। इसमें अहमदाबाद जेल से यूपी की जेल में प्रस्तावित ट्रांसफर का विरोध किया गया। इसमें कहा गया है, यूपी सरकार के कुछ मंत्रियों के बयान से ऐसा लगता है कि उनका फर्जी एनकाउंटर किया जा सकता है। उन्होंने अतीक की सुरक्षा पर सवाल उठाए हैं।
अतीक की पत्नी के मायके के सामने है यह घर
अतीक अहमद के वकील खान सौलत हनीफ ने कहा, ‘आज जो मकान चकिया में 297/205 ध्वस्त किया जा रहा है वो बेनामी संपत्ति नही है। ये मकान जफर अहमद खान का है। जफर मूलतः बांदा का रहने वाला है। इस मकान को 7 जनवरी 2021 को जफर के पिता ने अपने धन से खरीदा था। इसके ठीक सामने अतीक अहमद की पत्नी शाइस्ता परवीन का मायका है।
अतीक अहमद का चकिया स्थित मकान गिराए जाने के बाद वो अपने मायके में ही रह रही थीं। अतीक की पत्नी शाइस्ता परवीन ने जफर अहमद से इस मकान को किराए पर ले लिया था। शाइस्ता और उनका परिवार इसी मकान में 2021 से रह रहा था। प्रयागराज विकास प्राधिकरण की ओर से जफर अहमद को बिना किसी नोटिस दिए ही अवैध तरीके से बुलडोजर चलाया जा रहा है।’