नई दिल्ली
कोविड-19 से संक्रमित बच्चों में तेज बुखार और कंपकंपी जैसे लक्षण देखें जा रहे हैं। रविवार को दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. धीरेन गुप्ता ने इसकी जानकारी दी। उन्होंने ये भी बताया कि डेल्टा वैरिएंट के विपरीत ओमिक्रॉन मरीजों में स्वाद और गंध का खोना आम नहीं है।
कुछ बच्चों को अस्पताल में भर्ती करने की जरूरत
कोविड-19 संक्रमित बच्चों का इलाज कर रहे डॉ. गुप्ता ने कहा, ’11 से 17 साल के बीच के बच्चे और किशोर जो कोरोनावायरस से संक्रमित हैं, उनमें तेज बुखार और कंपकंपी के लक्षण दिख रहे हैं। दो साल से कम उम्र के बच्चों में भी ये लक्षण दिख रहे हैं। उनमें से कुछ को अस्पताल में भर्ती भी करना पड़ रहा है।’
डॉ. गुप्ता ने कहा, ‘मैंने कोविड-19 से संक्रमित लगभग नौ शिशुओं का इलाज किया है, जिनमें से एक को वेंटिलेशन सपोर्ट की जरूरत पड़ी है। दूसरे मरीजों की तरह हाई फीवर के कारण शिशुओं को अस्पताल में भर्ती होने की जरूरत होती है।’