मुंबई
IPO यानी पब्लिक इश्यू ऑफरिंग का दौर अभी थमा नहीं है। नुवोको विस्टा, कारट्रेड और केमप्लास्ट के बाद आदित्य बिड़ला सन लाइफ असेट मैनेजमेंट कंपनी भी जल्द IPO लाने वाली है। इसके लिए कंपनी को मार्केट रेगुलेटर SEBI से मंजूरी मिल गई है। हालांकि IPO कब लॉन्च होगा अभी इसका खुलासा नहीं हुआ है।
2,000 रुपए का हो सकता है IPO साइज
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक कंपनी का IPO साइज लगभग 2,000 रुपए का होगा। यह IPO पूरी तरह से ऑफर फॉर सेल होगा। इसके तहत आदित्य बिड़ला सन लाइफ AMC के 13.5 फीसदी हिस्सेदारी की बिक्री होगी। फिलहाल कंपनी में ABCL की 51% और सन लाइफ की 49% हिस्सेदारी है। IPO के बाद फंड हाउस में प्रमोटर की कुल हिस्सेदारी मौजूदा 100% से घटकर 86.5% रह जाएगी।
सेबी को अप्रैल में दी थी अर्जी
कंपनी ने IPO के लिए सेबी को अप्रैल में अर्जी दी थी, लेकिन सेबी ने इसे कुछ समय के लिए टाल दिया था। अब सेबी की अंतिम मंजूरी मिलने के बाद IPO लाने का रास्ता साफ हो गया है।
भारत का चौथा सबसे बड़ा फंड हाउस
आदित्य बिड़ला सन लाइफ AMC भारत का चौथा सबसे बड़ा फंड हाउस है, मैनेजमेंट के तहत संपत्ति (AUM) दिसंबर 2020 तक लगभग 2.74 लाख करोड़ रुपए है। ड्राफ्ट रेड हेंरिंग प्रोसपेक्ट्स (DRHP) के मुताबिक कंपनी 2011 से लगातार चौथा सबसे बड़ा फंड हाउस बनी हुई है।
अदाणी विल्मर भी लाएगी इश्यू
2 अगस्त को 4 कंपनियों ने IPO लाने के लिए सेबी को अर्जी दी है। इसमें अदाणी ग्रुप की FMCG कंपनी अदाणी विल्मर ने IPO के जरिए फंड जुटाने की मंजूरी मांगी है। पॉलिसी बाजार IPO से 6 हजार करोड़ रुपए जुटाएगी। नायका 4,000 करोड़ रुपए जुटाएगी। फिनो पेमेंट्स ने भी IPO के लिए सेबी के पास DRHP फाइल किया है।
ये कंपनियां भी IPO लाने की तैयारी में
अगस्त में भी IPO की भरमार रहने वाली है। मेडि असिस्ट हेल्थकेयर सर्विसेस, अमि ऑर्गेनिक्स, विजया डायग्नोस्टिक्स, पेन्ना सीमेंट, उत्कर्ष स्माल फाइनेंस बैंक हैं, फिनकेयर स्माल फाइनेंस बैंक, पारस डिफेंस और स्पेस टेक्नोलॉजी के साथ सेवेन आइसलैंड, अप्टस वैल्यू हाउसिंग और सुप्रिया लाइफ साइंस भी इश्यू लाने की तैयारी में हैं। इनमें ज्यादातर फाइनेंशियल और फार्मा की कंपनियां हैं।