एक माह पहले जन्मी बच्ची को शगुन तौर पर दिए पांच हजार रुपए
by seemasandesh
पूर्व उपसभापति, पार्षद व किन्नर समाज की नगीना बाई की अनूठी पहल हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। नगर परिषद की पूर्व उपसभापति, वार्ड 15 पार्षद व किन्नर समाज की नगीना बाई ने अनूठी पहल की है। इसके तहत वे अपने वार्ड में जन्म लेने वाली बेटी को शगुन के तौर पर पांच हजार रुपए नकद देंगी। इस पहल की शुरूआत सोमवार को वार्ड 15 के एक घर में करीब एक माह पहले जन्मी बच्ची के नाम की पांच हजार रुपए की एफडी उसकी मां को शगुन राशि के तौर पर सौंपी। बेटा-बेटी में भेद समाप्त करने के लिए शुरू की गई इस पहल का आगाज भट्ठा कॉलोनी स्थित आंगनबाड़ी केन्द्र बी पर आयोजित कार्यक्रम में किया गया। वार्डवासियों ने भी नगीना बाई की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे अन्य लोगों को भी प्रेरणा लेनी चाहिए। विशेषकर बेटियों को बोझ समझने वाले लोगों को जगाने के लिए यह उचित प्रयास है। इस मौके पर नगीना बाई ने बताया कि उन्होंने पिछले दिनों एक समाचार पढ़ा था। इस समाचार में जानकारी दी गई थी कि तमिलनाडू क्षेत्र के एक सरपंच की ओर से बेटा-बेटी का भेद समाप्त करने के लिए अनूठी पहल करते हुए गांव में बेटियों का जन्म होने पर मिठाई बांटने के साथ खुद हर बच्ची की पांच हजार रुपए की एफडी की जा रही है। इसी से उन्हें भी प्रेरणा मिली। अब उन्होंने भी यह निर्णय लिया है कि वे अपने वार्ड क्षेत्र में पैदा होने वाली बेटी को शगुन के तौर पर पांच हजार रुपए देंगी। उनके वार्ड में करीब एक माह पहले जन्मी बच्ची को सोमवार को शगुन के रूप में पांच हजार रुपए देकर इस पहल का आगाज किया गया है। नगीना बाई ने कहा कि लोग आज भी बेटी को बोझ समझते हैं। लेकिन बेटी बोझ नहीं है। वह सिर का ताज है। एक बेटी चूल्हे से लेकर देश चला सकती है। आज बेटियां भी बेटों के बराबर हर क्षेत्र में उच्च मुकाम हासिल कर अपना, अपने माता-पिता का नाम रोशन कर रही हैं। इसलिए उनकी क्षेत्रवासियों से अपील है कि वे अपनी बेटी को उच्च शिक्षित करें। उसे भी आगे बढ़ने का मौका दें। एक दिन आपकी बेटी आपका नाम अवश्य रोशन करेगी। नगीना बाई ने बताया कि वे 1994 को राजनीति में आई थीं। तभी से जरूरतमंद परिवारों की बेटियों की शादी करवाने के साथ बेटियों को शिक्षित करने का काम कर रही हैं। इसी कड़ी में यह पहल की गई है। इस पहल के लिए वार्ड की महिलाओं की ओर से नगीना बाई का माल्यार्पण कर सम्मान किया गया।