बीकानेर. महाराजा गंगासिंह विश्वविद्यालय द्वारा परीक्षा 2021 के लिए भरे जा रहे स्नाातकोत्तर, विधि एवं शिक्षक-प्रशिक्षण पाठ्यक्रम के परीक्षा आवेदन भरने तिथि मेंअभिवृद्धि करते हुए 30 जून तक 100 रुपए विलम्ब शुल्क एवं एक से पांच जुलाई तक दुगने शुल्क सहित ऑनलाईन परीक्षा फॉर्म भरने की स्वीकृति जारी की है। इसी प्रकार विधि स्नातक प्रथम ए़वं द्बितीय वर्ष पूरक के विद्यार्थियों को पूरक परीक्षा आवेदन करने के लिए 26 जून से 30 जून तक अनुमति स्वीकृति दी गई है।
परीक्षा नियंत्रक डॉ. जेएस खीचड़ ने बताया कि परीक्षा फॉर्म भरने वाले विद्यार्थी आवेदन की हार्ड प्रति लॉकडाउन की स्थिति सामान्य होने पर सम्बन्धित महाविद्यालय में जमा कराएंगे।
6४ मृतक आश्रितों को मिलेगी अनुकंपा नियुक्ति
बीकानेर. शिक्षा विभाग में कार्य करने वाले 6४ मृतक कर्मचारियों के आश्रितों को जल्दी ही अनुकंपा नियुक्तियां मिलेगी। माध्यमिक शिक्षा निदेशालय ने 53 कनिष्ठ सहायकों तथा 11 सहायक कर्मचारियों के नामों का अनुमोदन करते हुए हुए उन्हें जिले आवंटित कर दिए है। निदेशालय द्वारा जारी सूची में जिन मृतक आश्रितों के नाम है उन्हे संबंधित जिला शिक्षा अधिकारी अगले 15 दिनों में अपने जिलों में रिक्त पदों पर नियुक्ति आदेश जारी कर पदस्थापन आदेश जारी करेंगे। जिला शिक्षा अधिकारियों को अनुकंपा नियुक्ति नियमों के अनुसार मृतक आश्रित के स्थान पर नियुक्ति पाने वाले आशार्थी से मूल शैक्षणिक योग्यता के प्रमाण पत्र, आवश्यक शपथ पत्र आदि लेने के निर्देश दिए है। इन कनिष्ठ सहायकों तथा सहायकों की दो वर्ष की परिवीक्षा अवधि होगी तथा इस अवधि में नियत पारिश्रमिक मिलेगा। परिवीक्षा अवधि संतोषजनक रूप से पूरी करने पर पद के अनुसार निर्धारित वेतनमान मिलेगा। प्रारंभिक शिक्षा में कार्यरत मृत कार्मिकों के आश्रितों को प्रारंभिक शिक्षा में ही पदस्थापित किया जाएगा। प्रारंभिक शिक्षा में पद रिक्त नहीं होने पर ही ऐसे कार्मिकों को माध्यमिक शिक्षा में समायोजित किया जाएगा।