एमडी चिकित्सक व स्त्री रोग विशेषज्ञ नियुक्त करने की मांग
by seemasandesh
जिला कलक्टर के नाम एडीएम को सौंपा ज्ञापन हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। जंक्शन की कैनाल कॉलोनी स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में एमडी व स्त्री रोग विशेषज्ञ चिकित्सक नियुक्त करने की मांग को लेकर वार्ड नम्बर 54 के पार्षद सुनील अमलानी ने गुरुवार को जिला कलक्टर के नाम एडीएम रामरतन सोंकरिया को ज्ञापन सौंपा। पार्षद अमलानी के अनुसार कैनाल कॉलोनी के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र (राजकीय चिकित्सालय) में पिछले 13 वर्षों से कार्यरत एक मात्र एमडी चिकित्सक का स्थानान्तरण श्रीगंगानगर हो गया है। वर्तमान में इस चिकित्सालय में कोई भी एमडी चिकित्सक नहीं है। इस कारण आसपास के क्षेत्र के पेंशनर जिनकी आयु 60 से 85 वर्ष तक है जो कि गम्भीर बीमारियों से जूझ रहे हैं, उनकी दवाइयां व इलाज जयपुर से चलता है, उनकी मेडिकल पेंशन डायरियों में यहां दवाइयां रिपिट की जाती हैं। उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मौजूदा चिकित्सकों में से एक बच्चों का व दो एमबीबीएस हैं जो कि दवाइयां लिखने-रिपीट करने में आनाकानी करते हैं। जंक्शन क्षेत्र के लगभग 30 वार्ड व आसपास के ग्रामीण क्षेत्र इसी चिकित्सालय से जुड़े हुए हैं। इसलिए एक एमडी चिकित्सक की बेहद आवश्यकता है। अमलानी ने बताया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में पूर्व में प्रसव करवाए जाते थे। लेकिन किन्हीं कारणों से यह सुविधा बन्द कर दी गई है। इस समस्या के समाधान के लिए एक स्त्री रोग विशेषज्ञ चिकित्सक भी नियुक्त किया जाए। उन्होंने बताया कि कैनाल कॉलोनी सीएचसी में बाल रोग विशेषज्ञ चिकित्सक तो है लेकिन प्रसव की व्यवस्था नहीं है तथा न ही कोई बच्चों की यूनिट है जहां नवजात बच्चों का इलाज हो सके। इस संबंध में पूर्व में भी प्रशासनिक अधिकारियों को ज्ञापन के माध्यम से अवगत करवाया गया था। लेकिन मांग पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसलिए चिकित्सालय में एमडी चिकित्सक व स्त्री रोग विशेषज्ञ की नियुक्ति के साथ नवजात बच्चों के इलाज के लिए बच्चों को यूनिट स्थापित की जाए। इस मौके पर प्रदीप कड़वा, अमरचन्द, राजेश कुमार, गुलशन कुमार, विशाल शर्मा, मनोज सोनी, विकास गोस्वामी भी मौजूद थे।