नई दिल्ली
एशिया कप 2022 की तैयारियों में टीम इंडिया जुट गई है। भारत के निशाने पर पाकिस्तान की टीम है। पाकिस्तान के ही गेंदबाजों पर बरसने की तैयारी भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा और पूर्व कप्तान विराट कोहली कर रहे हैं। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड यानी बीसीसीआई द्वारा जारी एक वीडियो में रोहित शर्मा और विराट कोहली को प्रैक्टिस सेशन में दमदार टच में देखा जा सकता है, जहां उन्होंने गेंदबाज और थ्रोडाउन स्पेशलिस्ट पर जमकर शॉट लगाए।
ये वीडियो बुधवार 24 अगस्त का है, जब दुबई में टीम इंडिया ने एशिया कप 2022 से पहले अपने पहले नेट सेशन में हिस्सा लिया। सबसे पहले विराट कोहली नेट्स में दिखे और रोहित शर्मा भी फिर उनके साथ नजर आए। विराट और रोहित ने एक ही नेट में जमकर अभ्यास किया। दोनों ही बल्लेबाज अच्छे टच में नजर आए और पाकिस्तान से भिड़ने से पहले ये टीम इंडिया के लिए अच्छा संकेत है।