Tuesday, May 12निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

बल्लेबाजी कोच ने बाबर आजम की शान में पढ़े कसीदे, कहा- वे खिलाड़ी और कप्तान के रूप में अद्भुत हैं

दुबई

पाकिस्तान क्रिकेट टीम के बल्लेबाजी कोच मोहम्मद यूसुफ ने गुरुवार को कहा कि स्टार बल्लेबाज बाबर आजम इस समय एक खिलाड़ी और अपनी टीम के कप्तान के रूप में असाधारण क्रिकेट खेल रहे हैं। आजम 2022 में शानदार फॉर्म में हैं। वह एकदिवसीय और टी20 आई प्रारूप में दुनिया के नंबर वन बल्लेबाज हैं, जबकि टेस्ट रैंकिंग में वह तीसरे स्थान पर हैं। इस साल सभी प्रारूपों में बाबर आजम ने 15 मैच खेले हैं, जिनकी 19 पारियों में 78.11 की औसत से 1406 रन बनाए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ व्यक्तिगत स्कोर 196 रन है। इस साल उनके बल्ले से पांच शतक और दस अर्धशतक निकले हैं।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में मोहम्मद यूसुफ ने कहा, “बाबर आजम पिछले दो-तीन सालों से सभी को दिखा रहे हैं कि वह एक बड़े खिलाड़ी हैं और दबाव की परिस्थितियों में भी बेहतर प्रदर्शन करते हैं। एक खिलाड़ी तभी बड़ा होता है जब वह दबाव में अच्छा प्रदर्शन करता है। वह खेल में महान बनने की राह पर है। वह जिस तरह से सभी प्रारूपों में बल्लेबाजी कर रहे हैं, वह भी कप्तानी की जिम्मेदारी के साथ, यह एक उपलब्धि है। यहां तक कि टीम भी उनका अच्छा जवाब देती है। एक खिलाड़ी और एक कप्तान के रूप में वह असाधारण क्रिकेट खेल रहे हैं।”