Saturday, May 16निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

एसडीएम दफ्तर के बाहर किसानों ने बैरिकेड्स तोड़े, पुलिस से भी तकरार

नोहर। बकाया फसल बीमा क्लेम सहित किसानों की विभिन्न मांगो को लेकर अखिल भारतीय किसान सभा तहसील कमेटी नोहर के बैनर तले किसानों ने सोमवार को उपखंड कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन किया। इससे पूर्व किसान यहां कृषक विश्रामगृह में एकत्रित हुये। अखिल भारतीय किसान सभा के जिला उपाध्यक्ष मंगेज चौधरी व माकपा सचिव सुरेश स्वामी के नेतृत्व में किसानों ने उपखंड कार्यालय के बाहर पहले चरण की लगाई गई बैरिकेट्स को तोड़ दिया। किसानों ने उपखंड कार्यालय के अंदर घुसने का प्रयास किया। जिसकों लेकर किसानों व पुलिस के बीच तकरार भी हुई। इसी तकरार में किसान संजय पारीक का हाथ टूट गया। पुलिस के रोकने के बाद किसान उपखंड कार्यालय के बाहर पड़ाव डालकर बैठ गये। जहां सभा हुई। इसके उपरांत उपखंड अधिकारी श्वेता कोचर, सहायक निदेशक कृषि बलवीर खाती, बीमा कंपनी के अधिकारियों के साथ माकपा नेता मंगेज चौधरी के नेतृत्व में किसानों की तीन दौर की वार्त्ता हुई। जो विफल रही। इसके बाद मंगेज चौधरी ने उपखंड कार्यालय के आगे अनिश्चिकालीन पड़ाव डालने की घोषणा कर दी। किसान भोजन आदि पड़ाव स्थल पर ही करेगें। चौधरी ने कहा कि क्षेत्र के दर्जनों गांवों के किसानों का करीब 300 करोड़ रुपये बीमा क्लेम बकाया हैं। प्रीमियम राशि काटे जाने के बावजूद भी किसानों को फसल बीमा क्लेम के लिए बैंको व सरकारी दफ्तरों के चक्कर काटने पड़ रहे हैं। बीमा कंपनी रोज नये-नये बहाने बनाकर किसानों को गुमराह कर उनका बकाया फसल बीमा क्लेम डकारना चाहती हैं। माकपा के सुरेश स्वामी ने बताया कि मंगलवार को क्षेत्र के अनेक गांवों के किसान पड़ाव स्थल पर पहुंचकर प्रशासन को पूर्णतया ठप्प करेंगे। इस मौके पर रामेश्वर खीचड़, प्रताप सिंवर, हनुमान डुडी, गोरीशंकर, सुनील, रणवीर खिच्ची, हरदत, विनोद स्वामी, सुरजीत बैनीवाल, अनिल श्योराण आदि ने विचार रखे।