हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। होली पर्व के नजदीक आने के साथ ही धमाल शुरू हो गई है। जगह-जगह हो रहे फागोत्सव कार्यक्रम में देर रात तक धमालों की स्वर लहरियों पर कलाकार नृत्य का आनंद उठा रहे हैं। जंक्शन में इच्छापूर्ण हनुमान मंदिर धमाल मंडली का फागोत्सव कार्यक्रम 10 मार्च से लगातार जारी है। कलाकार फाल्गुन के गीत गा रहे हैं। रविवार रात्रि को भी नगाड़े के साथ धमाल की स्वर लहरियों पर रसिया झूम उठे। इस मौके पर धमाल मंडली के अशोक व्यास ने बताया कि फाल्गुन का माह चल रहा है। फाल्गुन के माह में होली त्योहार के तहत 10 मार्च से फागोत्सव का विधिवत आगाज किया गया। यह कार्यक्रम 18 फरवरी तक रोजाना रात्रि 9 बजे से 11 बजे तक चल रहा है। इसमें फाल्गुन के रसिया अपनी-अपनी धमाल सुना रहे हैं। व्यास के अनुसार यह धमाल एवं फाग का कार्यक्रम राजस्थानी संस्कृति को जिंदा रखने के लिए किया जा रहा है। पिछले दो साल में कोरोना काल के चलते यह कार्यक्रम नहीं किया जा सका। लेकिन इस साल नए जोश के साथ फागोत्सव मनाया जा रहा है। पिछले करीब 15 सालों से फागोत्सव मनाया जा रहा है। धमाल मंडली में स्थानीय कलाकार शामिल हैं। व्यास ने लोक संस्कृति को जीवित रखने के लिए ऐसे परंपरागत कार्यक्रमों की आवश्यक बताई। इस मौके पर धमाल मंडली के प्रकाश तंवर, महेंद्र तंवर, बाबूलाल, पंडित राकेश, कृष्ण बन्ना, मनोज, मोहित, प्रतीक, मीनाक्षी शर्मा, गुल्लू तंवर, महेश आदि मौजूद थे।