सघन पेट्रोलिंग, वाहन चेकिंग, प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करने पर दिया जोर
हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। पुलिस अधीक्षक प्रीति जैन ने शुक्रवार को एसपी कार्यालय के सभागार में क्राइम मीटिंग ली। उन्होंने सभी थाना प्रभारी को अपराध पर लगाम कसने को कहा। एसपी ने अपराध और अनुसंधान की समीक्षा कर अधिकारियों को क्राइम कंट्रोल पर विशेष दिशा-निर्देश दिए। थानों में वर्षांे से लंबित पड़े मामलों का जल्द निपटारा करने की बात कही। जिले में अपराध पर नियंत्रण एवं कानून व्यवस्था को बनाए रखने के लिए थाना क्षेत्रों में सघन पेट्रोलिंग, वाहन चेकिंग, प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करने पर भी जोर दिया गया। पुलिस अधीक्षक ने जिले में अपराधियों पर नियंत्रण, अपराधों की रोकथाम एवं पुलिस को प्रभावशाली बनाने के लिए सभी प्रभारियों को गांवों में सीधे जनता से संपर्क स्थापित कर उनकी समस्याओं का सार्थक निराकरण कर पुलिस के प्रति जनता का विश्वास मजबूत बनाने को कहा। वारंटियों के धरपकड़ के लिए सूचना तंत्र मजबूत करने, थाना प्रभारियों को एक-दूसरे से सामंजस्य स्थापित करने एवं विशेष अभियान चलाकर वारंटों की तामीली एवं जिले के निगरानी एवं गुंडा बदमाशों पर सतत नजर रखने एवं उनके विरुद्ध आवश्यक प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करने को भी कहा। क्षेत्र में होने वाली अवैध शराब बिक्री, चोरी, लूट, आकस्मिक दुर्घटना, अनजान बाहरी व्यक्तियों के आने-जाने, उनकी संदिग्ध गतिविधि पर निगरानी रखने व गुमशुदा बच्चों की पतासाजी व बरामदगी के लिए विभिन्न राज्यों में लगातार टीम भेजने को कहा गया। एसपी जैन ने कहा कि सभी पुलिसकर्मी यह खुद तय करें कि उनका थाना क्षेत्र कैसे अपराध मुक्त हो। साथ ही पुलिस अधिकारियों को नसीहत दी कि वे थाना में शिकायत लेकर आने वालों के साथ अच्छा व्यवहार करें। एसपी ने कहा कि उन्हें अक्सर शिकायतें मिलती हैं कि परिवाद लेने से मना कर दिया। एसपी ने बारी-बारी से सभी थानों प्रभारियों से उनके क्षेत्र में घटित हुई वारदातों के बारे में चर्चा कर आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में एएसपी जस्साराम बोस, महिला प्रकोष्ठ एएसपी नीलम चौधरी, एससीएसटी सेल डीएसपी देवानंद, संगरिया सीओ दिनेश राजोरा, रावतसर सीओ रणवीर मीणा, पुलिस निरीक्षक सुभाष कच्छावा सहित जिले भर के पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।