श्रीगंगानगर। अखिल भारतीय ईंट एवं टाइल्स निर्माता महासंघ ने ऑनलाइन ठगी करने वालों से ईंट भट्ठा के मालिकों, संचालकों और इनके यहां काम करने वाले कर्मचारियों को सावधान रहने के लिए कहा है। महासंघ के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष रतन गणेशगढ़िया ने आज बताया कि ऑनलाइन ठगी करने वाले अब ईंट भट्ठा मालिकों, संचालकों और इनके यहां काम करने वाले कर्मचारियों को ठगी का शिकार बनाने लगे हैं। ऐसा एक मामला राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले में संगरिया क्षेत्र में सामने आया है। एक ऑनलाइन शातिर ठग ने ईंट भट्टे के मुनीम से मोबाइल फोन पर संपर्क किया और केंद्रीय विद्यालय हनुमानगढ़ के लिए ईंटें भिजवाने के लिए कहा। मुनीम ने ईंटें भिजवा दीं। भुगतान करने के लिए शातिर ठग ने मुनीम से बातों ही बातों में उसका बैंक अकाउंट नंबर और फोन-पे के नंबर ले लिये। उस पर कुछ राशि भेजने के बाद भुगतान करने की बजाय उसी के अकाउंट से काफी रुपए निकाल लिए। मुनीम ने इस ठगी का मुकदमा अज्ञात ठग के विरुद्ध संगरिया थाना में दर्ज करवाया है। पुलिस इसकी जांच कर रही है। शातिर ठग को उसके मोबाइल नंबर से तलाश किया जा रहा है। रतन गणेशगढ़िया ने कहा कि इस तरह की ठगी करने वालों से सभी ईंट भट्ठा मालिकों,संचालकों और कर्मचारियों को सतर्क रहने की जरूरत है। किसी भी अनजान व्यक्ति द्वारा ईंटें या टाईल्स सप्लाई करने के लिए कहा जाता है तो उसकी पूरी तरह से पहले तस्दीक कर लेनी चाहिए। उससे एडवांस भुगतान लेने के बाद ही सप्लाई करें। इस तरह की ठगी का जरा भी अंदेशा होने पर अपने क्षेत्र की पुलिस को सूचना दें। अगर किसी के साथ ठगी हो जाती है तो उसे तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करना चाहिए। उनके अकाउंट से निकली हुई राशि को साइबर एक्सपर्ट तत्काल फ्रिज करवा देंगे।यह रकम वापस मिल जाएगी।