नई दिल्ली
ऑस्ट्रेलिया ने महिला वनडे विश्व कप के 18वें मुकाबले में भारतीय महिला टीम को 6 विकेट से हरा दिया है। ऑस्ट्रेलिया की वर्ल्ड कप में लगातार पांचवीं जीत है, जबकि भारत की इस टूर्नामेंट में ये तीसरी हार है। बारिश से बाधित मैच में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए मिताली, हरमनप्रीत और यस्तिका के अर्धशतक की बदौलत निर्धारित 50 ओवर में 7 विकेट खोकर 277 रन बनाए। इसके जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने कप्तान मेग लेनिंग के शानदार प्रदर्शन की बदौलत 4 विकेट पर 280 रन बनाकर ये मैच अपने नाम किया।
ऑस्ट्रेलियाई कप्तान लेनिंग 97 रन के निजी स्कोर पर पवेलियन लौट गई। इस जीत के साथ ऑस्ट्रेलिया जारी वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में जगह पक्की करने वाली पहली टीम बन गई हैं।
कप्तान मिताली राज (96 गेंद में 68 रन), यास्तिका भाटिया (83 गेंद में 59 रन)और हरनप्रीत कौर (47 गेंद में नाबाद 57 रन) के अर्धशतकों से भारत ने सात विकेट पर 277 रन का स्कोर खड़ा किया। टूर्नामेंट के इतिहास में कोई भी टीम इतने बड़े लक्ष्य का पीछा नहीं कर सकी थी, लेकिन ऑस्ट्रेलिया की शानदार फॉर्म और ईडन पार्क की बल्लेबाजी के मुफीद पिच पर मेग लैनिंग की अगुआई वाली टीम ने पांच मैचों में पांचवीं जीत दर्ज की।