Tuesday, May 5निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

कप्तान मोर्गन की वापसी, स्टोक्स को आराम; वनडे में क्लीन स्वीप करने वाली टीम से 4 खिलाड़ियों को चुना

बर्मिंघम

पाकिस्तान के खिलाफ 3 टी-20 की सीरीज के लिए इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने 16 सदस्यीय टीम का ऐलान कर लिया है। इसमें टीम के रेगुलर कप्तान ओएन मोर्गन की वापसी हुई, जबकि ऑलराउंडर बेन स्टोक्स को आराम दिया गया है। हाल ही में स्टोक्स की कप्तानी में इंग्लैंड की B टीम ने पाकिस्तान को वनडे सीरीज 3-0 से क्लीन स्वीप किया था।

इस वनडे टीम से सिर्फ 4 ही खिलाड़ियों को मौका दिया गया है। यह प्लेयर साकिब महमूद, लुइस ग्रेगोरी और मैट पार्किंसन के अलावा डेविड मलान हैं। मलान पहले भी टी-20 टीम में शामिल रहे हैं।

16 जुलाई को पहला मैच
इंग्लैंड और पाकिस्तान के बीच टी-20 सीरीज का पहला मैच 16 जुलाई को ट्रेंट ब्रिज में खेला जाएगा। दूसरा मैच 18 जुलाई को लीड्स और आखिरी मुकाबला 20 जुलाई को मैनचेस्टर में खेला जाएगा।

कोरोना के कारण बदली थी पूरी टीम
पाकिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज से ठीक 2 दिन पहले ही इंग्लैंड के 3 खिलाड़ी समेत 7 लोग कोरोना पॉजिटिव आए थे। इसके बाद सभी को आइसोलेट किया गया और वनडे सीरीज में पूरी नई टीम उतारी गई थी। इसकी कप्तानी स्टोक्स को मिली थी। इस ऑलराउंडर ने टीम को शानदार जीत भी दिलाई।

भारत के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए स्टोक्स को आराम
स्टोक्स को टीम ने आराम दिया है। उन्हें अगस्त में भारत के खिलाफ होने वाली 5 टेस्ट की सीरीज के लिए चुना जाएगा। स्टोक्स के अलावा मार्क वुड, क्रिस वोक्स और सैम करन भी टीम से बाहर हैं। असिस्टेंट कोच पॉल कोलिंगवुड ही टीम को कोचिंग देंगे, जबकि सुप्रीमो क्रिस सिल्वरवुड ने पारिवारिक कारणों से आराम लिया है।

टी-20 सीरीज के लिए दोनों टीमें

  • इंग्लैंड: ओएन मोर्गन (कप्तान), मोइन अली, जॉनी बेयरस्टो (विकेटकीपर), टॉम बैंटन, जैक बॉल, जोस बटलर (विकेटकीपर), टॉम करन, लियाम लिविंगस्टोन, डेविड मलान, आदिल रशीद, जेसन रॉय, डेविड विली, लुइस ग्रेगोरी, क्रिस जॉर्डन, साकिब महमूद, मैट पार्किंसन।
  • पाकिस्तान: बाबर आजम (कप्तान), शादाब खान (उपकप्तान), अरशद इकबाल, आजम खान (विकेटकीपर), फहीम अशरफ, फखर जमान, हारिस रउफ, हसन अली, इमाद वसीम, मोहम्मद हफीज, मोहम्मद हसनैन, मोहम्मद नवाज, मोहम्मद रिजवान (विकेटकीपर), मोहम्मद वसीम, सरफराज अहमद (विकेटकीपर), शाहीन शाह अफरीदी, शरजील खान, सोहेब मकसूद और उस्मान कादिर।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *