झुंझुनूं
राजस्थान के झुंझुनूं जिले के बड़बर गांव के रहने वाले सचिन तंवर वैसे तो राजस्थान पुलिस में सब-इंस्पेक्टर हैं, लेकिन वे प्रो कबड्डी लीग में पटना की टीम के सबसे महंगे खिलाड़ी हैं, जिन्हें 84 लाख में खरीदा गया है। उनका ये सफर आसान नहीं था। वे छिपकर हरियाणा तक कबड्डी खेलने जाते थे। चोट लग जाती तो घर आकर नहीं बताते थे। खेल के प्रति लगाव के चलते वे 10वीं में फेल भी हो गए, लेकिन कबड्डी का जुनून कम नहीं हुआ। आज यही सचिन देश के पांच सबसे महंगे कबड्डी खिलाड़ियों में शामिल हैं।
सचिन ने बताया कि वैसे तो उनका परिवार हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले के पाथेड़ा गांव का रहने वाला है, लेकिन बुआ की बड़बर गांव में शादी हुई थी और वे दो साल की उम्र से ही बड़बर में रहने लगे। यहीं पर पढ़ाई की और मकान बना लिया और फिर कबड्डी खेलना शुरू किया तो पीछे मुड़कर नहीं देखा।