नई दिल्ली
पाकिस्तान और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीन मैचों की टेस्ट सीरीज खेली जा रही है। इस सीरीज का दूसरा मैच कराची के नेशनल स्टेडियम में खेला जा रहा है। आज यानी बुधवार 16 मार्च को मुकाबले का आखिरी दिन और पांचवें दिन का आखिरी सत्र का खेल खेला जा रहा है। इस समय तक मैच के नतीजे का अनुमान लगाना असंभव है, क्योंकि मैच में फिलहाल तीनों ही नतीजे संभव लगते हैं। पाकिस्तान की टीम जीत सकती है, ऑस्ट्रेलिया की टीम भी जीत सकती है और मैच का नतीजा ड्रॉ भी हो सकता है।
दरअसल, खबर लिखे जाने तक कराची टेस्ट मैच के आखिरी दिन के आखिरी सत्र के 16 ओवरों का खेल बाकी है। पाकिस्तान की टीम को जीत के लिए अब 124 रनों की दरकार है। कप्तान बाबर आजम 191 रन बनाकर क्रीज पर हैं। उनका साथ मोहम्मद रिजवान दे रहे हैं, जो 61 रन बना चुके हैं। वहीं, ऑस्ट्रेलिया की टीम को अगर मैच जीतना है तो दिन के बाकी बचे 16 ओवरों में 6 विकेट निकालने होंगे। ऐसा तभी संभव है, जब सबसे पहले कंगारू टीम पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम को आउट करे।