Thursday, April 30निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

करीब 150 की स्पीड में थी जगुआर कार, टक्कर के बाद 25-30 फीट दूर तक हवा में उड़ गए लोग

अहमदाबाद. गुजरात के अहमदाबाद में एक तेज रफ्तार कार ने 9 लोगों को कुचल कर मौत के घाट उतार दिया। इस हादसे में 13 लोग घायल हो गये। इस हादसे का अब वीडियो भी सामने आया है। बता दें कि यहां फ्लाईओवर पर तेज रफ्तार से आ रही कार एक दुर्घटनास्थल पर खड़ी भीड़ में घुस गई, जिससे नौ लोगों की मौत हो गई और 13 अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि सरखेज-गांधीनगर राजमार्ग के इस्कॉन पुल पर दो वाहनों के बीच टक्कर के बाद लोगों की भीड़ एकत्र थी, तभी तेज गति से आ रही एक लग्जरी कार भीड़ में घुस गई जिससे नौ लोगों की मौत हो गई और 13 अन्य लोग घायल हो गए। ऐसा बताया जा रहा है कि कार 100 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक की रफ्तार से चल रही थी। स्थानीय मीडिया ने बताया कि मृतकों में बोटाद और सुरेंद्रनगर के लोग शामिल हैं।
इस हादसे में घायल एक शख्स ने बताया है कि जिस कार से यह हादसा हुआ है वो कार घटना से पहले काफी तेज गति से आ रही थी। अल्तमस कुरैशी उन लोगों में शामिल हैं जो पुल पर हुए हादसे के बाद वहां खड़े थे। अल्तमस कुरैशी ने कहा, ‘ब्रिज पर एक थार (एसयूवी)हादसे का शिकार हो गई थी। मै और मेर दोस्त हादसे के बाद पुल पर गए थे। एक कार हमारे पीछे से आ रही थी और उसने हम सभी को जोरदार टक्कर मारी। कार की गति काफी तेज थी। यह कार भीड़ में घुस गई। कुरैशी का इलाज अस्पताल में चल रहा है।
बताया जा रहा है कि जगुआर कार करीब 150 की स्पीड में थी। कार द्वारा टक्कर मारे जाने के बाद कुछ लोग हवा में उड़ गए और 25-30 फीट की दूरी पर जा गिरे। सड़क पर काफी दूर तक खून फैल गया। कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था। गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने इस हादसे पर गहरी संवेदना जाहिर की है। इसके साथ ही उन्होंने मृतकों के आश्रितों के लिए 4 लाख रुपये और घायलों के लिए 50,000 रुपये के मुआवजे का ऐलान किया है।
पुलिस ने कहा कि यह सड़क हादसा सुबह करीब 1 बजे इस्कॉन ब्रिज पर हुआ था। सरखेज गांधीनगर हाईवे के पास एक तेज गति से आ रही जगुआर कार ने भीड़ को कुचल दिया। वहां पहले एक ट्रक और थार की टक्कर हुई थी।