Thursday, May 14निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

कर्नल किरोड़ी सिंह बैंसला के साइन बोर्ड पर रंग पोता, हिम्मत सिंह बोले- दोषियों पर हो तुरंत कार्यवाही

जयपुर

राजस्थान में गुर्जर आरक्षण के अगुवा रहे कर्नल सिंह बैंसला का साइन बोर्ड पर रंग पोतने से गुर्जर समाज में रोष है। गुर्जर नेता हिम्मत सिंह ने ट्वीट कर घटना की निंदा की है। हिम्मत सिंह ने ट्वीट कर लिखा- ग्राम पंचायत गोला पीसांगन जिला अजमेर कर्नल बैंसला जी के लगे साइन बोर्ड पर असामाजिक तत्वों  के द्वारा  रंग पोतने का काम करना दुर्भाग्यपूर्ण घटना है।  बहुत निंदनीय है। उन्होंने दोषियों के खिलाफ तुरंत कार्यवाही करने की मांग की है। कांग्रेस नेता जसवंत गुर्जर ने भी ट्वीट कर घटना की निंदा की है। जसवंत गुर्जर ने ट्वीट कर लिखा- लगता है कि एक विचारधारा  अपने काम पर बड़ी गति से लगी है। कभी जाति सूचक परिपत्र अब कालिख तो दंगा फसाद का काम चालू है 2023 में पूरा एक साल बाकी है। मुंगेरी के सपनों को हकीकत में केसे बदले।

परिवहन विभाग के आदेश के मचा था बवाल

उल्लेखनीय है कि हाल ही में परिवहन विभाग के आदेश में गुर्जर जाति का उल्लेख करने पर विवाद हो गया था। विरोध बढ़ने पर परिवहन विभाग को संशोधित आदेश जारी करने पड़े थे। सीएम गहलोत ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरएएस अधिकारी आकाश तोमर को निलंबित कर दिया था। परिवहन विभाग के आदेश में कहा गया था कि गाड़ियों की नंबर प्लेट पर सरपंच, प्रधान और गुर्जर शब्द लिखने पर कार्यवाही की जाएगी। गुर्जर शब्द का उल्लेख करने पर गुर्जर समाज के लोग नाराज हो गए। बाद में सरकार ने संशोधित आदेश जारी किए। तब जाकर मामला शांत हुआ। 

हाल ही में हुआ था बैंसला का निधन 

गुर्जर आरक्षण के अगुवा कर्नल किरोड़ी सिंह बैंसला ने गुर्जर समाज को आरक्षण दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी। वसुंधरा सरकार हो या फिर गहलोत सरकार। दोनों ही सरकारों को अपनी मांगें मनवाने के लिए मजबूर कर दिया था। बैंसला ने गुर्जर आरक्षण संघर्ष समिति के बैनर तले राजस्थान में बड़ा आंदोलन किया था। कर्नल बैंसला का मार्च महीने में निधन हुआ था।