जयपुर
देश में पेट्रोल डीजल ईंधन और जरूरत की चीजों के दामों में वृद्धि के विरोध में कांग्रेस का बड़ा प्रदर्शन शनिवार को हुआ। कोरोना गाइडलाइन में भीड़ का हवाला देकर सावन के धार्मिक कार्यक्रमों पर प्रतिबंध लगाने वाली सरकार आज सड़कों पर प्रदर्शन करती नजर आई। जिसमें कोरोना गाइडलाइन की धज्जियां उड़ाई गई। साथ ही कुछ लोगों के चेहरे पर मास्क भी नजर नहीं आया।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय से एक रैली सुबह 11:00 बजे रवाना होकर शहीद स्मारक पर पहुंची। इस रैली की अगुवाई प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने की। रैली में परिवहन मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास, स्वास्थ्य राज्य मंत्री सुभाष गर्ग, मुख्य सचेतक महेश जोशी और अन्य विधायक अपने सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ इस रैली में शामिल हुए।
दरअसल, महंगाई के विरोध में कांग्रेस ने पिछले साल 7 जुलाई को देशभर में केंद्र सरकार के खिलाफ धरना प्रदर्शन का कार्यक्रम शुरू किया था। जिसका आज 17 जुलाई को समापन होना था। इसी कड़ी में कांग्रेस ने आज शहर कांग्रेस कमेटी की ओर से एक बड़ी रैली का आयोजन किया। यह रैली शहीद स्मारक पहुंची जहां पर प्रदेश के पदाधिकारियों ने इस रैली को संबोधित किया।

भीड़ में नहीं दिखी सोशल डिस्टेंसिंग।
एक दिन पहले ही यात्रा और कार्यक्रमों पर प्रतिबंध लगाया
खास बात यह है कि कल ही राज्य सरकार ने कोरोना को लेकर दिशा निर्देश जारी किए थे। जिसमें कोरोना में महामारी के संक्रमण को रोकने के लिए कांवड़ यात्रा, ईद पर इबादत और अन्य कार्यक्रमों पर प्रतिबंध लगाया था। इसके बावजूद आज पहले दिन बड़ी संख्या में खुद कांग्रेस ने रैली का आयोजन किया।

रैली में सेल्फी लेने का क्रेज।
इस दौरान गोविंद सिंह डोटासरा, प्रतापसिंह खाचरियावास, महापौर मुनेश गुर्जर, विधायक मुरारीलाल मीना, अश्क अली टाक, रफीक खान, अमीन कागजी, सफिया बानो, गणेश गोघरा आदी मौजूद रहे।

भीड़ में कई लोगों ने नहीं पहन रखे थे मास्क।