Thursday, May 7निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

काम की बात:कोरोना काल में 10% बढ़ा SBI का होम लोन पोर्टफोलियो, इन 5 बातों से खराब क्रेडिट स्कोर के बाद भी मिलेगा लोन

नई दिल्ली

देश के सबसे बड़े बैंक SBI का होम लोन पोर्टफोलियो जून 2021 में बढ़कर 5.05 लाख करोड़ रुपए पर पहुंच गया है। 2020 में ये 4.55 लाख करोड़ पर था। इसका मतलब है कि बीते 1 साल में इसके पोर्टफोलियो में 10% की ग्रोथ हुई है। यानी कोरोना काल में भी बैंक ने जमकर लोन बांटे हैं। हालांकि किसी भी व्यक्ति को होम लोन मिलना आसान नहीं होता है। जब भी कोई व्यक्ति होम लोन के लिए अप्लाई करता है तो बैंक या लोन देने वाली वित्तीय संस्था उसके क्रेडिट स्कोर (सिबिल स्कोर) को देखती है।

हाई क्रेडिट स्कोर आसानी से दिलाता है लोन
हाई क्रेडिट स्कोर (कम से कम 750) आपको कम ब्याज दर पर और आसानी से लोन दिलवाने में मदद करता है। वहीं क्रेडिट स्कोर के खराब होने पर होम लोन मिलने में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। यदि आपका क्रेडिट स्कोर भी खराब है और आप होम लोन लेने की योजना बना रहे हैं तो आपको इन 5 जरूरी बातों को ध्यान में रखना चाहिए….

लोन-टू-वैल्‍यू (एलटीवी) रेशियो का रखें ध्यान
कम लोन-टू-वैल्‍यू (एलटीवी) रेशियो आपके लिए लोन लेना आसान कर सकता है। इसका मतलब है कि घर खरीदने के लिए आपको अपना कॉन्ट्रिब्‍यूशन ज्‍यादा रखना होगा। कम एलटीवी रेशियो चुनने से प्रॉपर्टी में खरीदार का कॉन्ट्रिब्‍यूशन बढ़ जाता है। इससे बैंक का जोखिम कम होता है। वहीं, कम ईएमआई से लोन की अफोर्डेबिलिटी बढ़ती है। इससे आपको लोन मिलने के चांस बढ़ जाएंगे।

को-एप्‍लिकेंट जोड़ें
को-एप्‍लिकेंट जोड़ने से कर्ज देने वाले संस्‍थान का जोखिम कम हो जाता है। यह कोई ऐसा व्‍यक्ति हो सकता है जिसकी स्‍थायी इनकम हो और अच्‍छा क्रेडिट स्‍कोर हो। को-एप्‍लिकेंट को जोड़ने से लोन अप्रूव होने के चांस बढ़ जाते हैं। इसके अलावा को-एप्‍लिकेंट जोड़ने पर भी आपको LTV रेशियो का ध्यान रखना चाहिए।

संबंधित बैंक में लोन के लिए करें आवेदन
अगर आपने पहले से किसी बैंक से कोई लोन ले रखा है तो आप उसी बैंक से होम लोन को लेकर बात कर सकते हैं। अगर आपकी रेगुलर इनकम नहीं है या क्रेडिट स्कोर खराब है तो आपको उसी बैंक में लोन के लिए आवेदन करना चाहिए जहां आपका अकाउंट या फिक्स्ड डिपोजिट (FD) हो। अगर आप उसी बैंक से लोन के लिए अप्लाई करते हैं तो लोन मिलना आसान हो सकता है।

हाउसिंग फाइनेंस कंपनी में कर सकते हैं अप्लाई
यदि आपको बैंक से लोन मिलने में परेशानी हो रही है तो हाउसिंग फाइनेंस कंपनियों (HFCs) में लोन के लिए अप्लाई कर सकते हैं, क्योंकि वे कम क्रेडिट स्कोर वाले ग्राहकों को भी लोन देती हैं। HFCs से लोन मिलना बैंकों की तुलना में आसान रहता है। बैंकों की तुलना में HFCs की होम लोन की ब्याज दरें आमतौर पर थोड़ी अधिक हो सकती हैं। हालांकि कई HFCs जैसे LIC और बजाज बैंकों के बराबर ब्याज दरों पर ही लोन उपलब्ध करा रही हैं।

अपने पुराने लोन चुकाएं
अगर आप पर कई पुराने छोटे लोन जैसे गाड़ी या पर्सनल लोन चल रहे हैं तो होम लोन के लिए अप्लाई करने से पहले इन्हें चुका देना चाहिए। इसके अलावा अगर आप पर क्रेडिट कार्ड का बिल बकाया है तो उसे भी लोन के लिए अप्लाई करने से पहले चुका दें। इससे आपके क्रेडिट स्कोर पर अच्छा असर पड़ेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *