Friday, May 15निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

काम पर गए मनरेगा कर्मियों की दर्ज नहीं की उपस्थिति

-पंचायत कार्यालय पर लगाया धरना,मेट के खिलाफ कार्रवाई की मांग
श्रीगंगानगर।
मनरेगा में मस्टररोल के तहत बुधवार को काम पर गए मजदूरों की मेट ने उपस्थिति दर्ज करने से इंकार कर दिया। इससे नाराज मनरेगा कर्मियों ने ग्राम पंचायत कार्यालय पर धरना प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में शामिल मनरेगा मजदूर दोपहर करीब दो बजे तक पंचायत कार्यालय में मेट के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर डटे रहे परन्तु उनकी सुनवाई नहीं हुई। ऐसे में बाद में उन्होंने किसी तरह प्रशासन गांव के संग अभियान के तहत लगे शिविर स्थल पर पहुंच विकास अधिकारी को मेट के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा। मनरेगा कर्मी कमलजीत कौर, जसविन्द्र कौरन, बलदेव सिंह, जसमीत कौर,मनप्रीत कौर, जीतो कौर, सुखजीत कोर, जसवीर सिंह, गुरमेल सिंह, बलदेव कौर, गुरदेव कौर और कुलविद्र कौर के हसताक्षर युक्त ज्ञापन में बताया है कि ग्राम पंचायत मोहनपुरा में मनरेगा अधिनियम 2005 के अन्तर्गत रोजगार मांगे जाने पर रोजगार मस्टररोल 9 वाई नहर पटड़ा निर्माण के लिए स्वीकृत हुआ। यहां बिकर सिंह को मेट लगाया गया। मस्टररोल के तहत नामित मजदूर निर्धारित समय और दिन काम पर पहुंचे। परन्तु मेट ने उपस्थिति दर्ज करने से इंकार कर दिया और वापिस लौटा दिया। पूर्व में भी उसके द्वारा इस तरह व्यवहार किया गया है। इस पर विकास अधिकारी ने जांच करवा कर कार्रवाई करने का आश्वासन ज्ञापन देने गए लोगों को दिया। इसकी जानकारी धरने पर बैठे मजदूरों को दी गई। इसके बाद उन्होने अपना धरना हटा लिया।