अनूपगढ. अनूपगढ़ में धारा 6 ए से प्रभावित किसानों का एक शिष्टमंडल अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी सचिव एवं जिला प्रमुख कुलदीप इंदौरा से मिला और उन्हें अपनी समस्या से अवगत करवाते हुए समाधान का आग्रह किया।
किसानों ने जिला प्रमुख से जमीनों के प्रकरण के निस्तारण के लिए और सभी किसानों को उनका मालिकाना हक देने की समस्या का स्थाई समाधान करने की मांग की। जिस पर जिला प्रमुख इंदौरा ने आश्वासन दिया कि जल्दी ही मुख्यमंत्री से समय लेकर शिष्टमंडल को मुख्यमंत्री से मिलाया जाएगा और सभी किसानों को मालिकाना हक दिलाने का पुरजोर प्रयास किया जाएगा।
इस अवसर पर अनूपगढ़ पंचायत समिति प्रधान प्रतिनिधि गोपाल डागला, वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष भजनलाल कमरा, जसविंदर सिंह संधू, मोहनलाल गोदारा, किसान नेता प्रकाश सिंह जोसन सहित अन्य किसान भी मौजूद रहे।