हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। यूथ कांग्रेस के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष हरप्रीत सिंह ढिल्लों का कहना है कि भारतीय जनता पार्टी के राष्टÑीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने शुक्रवार को हनुमानगढ़ में आयोजित किसान संगतकार्यक्रम में क्षेत्र के किसानों को बरगलाने का काम किया। ढिल्लों ने एक प्रेस वक्तव्य जारी कर कहा कि अब विधानसभा चुनावों के नजदीक आते ही भाजपा को किसानों का दुख-दर्द याद आने लगा है। एक साल से ज्यादा समय तक जब किसान दिल्ली बॉर्डर पर बैठे रहे, तब इन्हें किसानों के दुखों से कोई सरोकार नहीं हुआ। आंदोलन करते बॉर्डर पर सैकड़ों किसान शहीद हो गए। लेकिन इन्होंने संवेदना व्यक्त करना भी जरूरी नहीं समझा। आज जब राजस्थान में विधानसभा चुनाव नजदीक हैं तो भोली-भाली जनता को मूर्ख बनाने के लिए भाजपा के राष्टÑीय अध्यक्ष जेपी नड्डा हनुमानगढ़ आकर झूठे वादों के पुल बांध रहे हैं। ढिल्लों ने आरोप लगाया कि भाजपा के नेताओं ने बॉर्डर पर बैठी किसान संगत को खालिस्तानी तक बोला था। भाजपा के ही केन्द्रीय मंत्री के बेटे ने किसानों पर जीप चढ़ा दी थी लेकिन उस मंत्री को आज तक बर्खास्त नहीं किया गया। हरप्रीत सिंह ढिल्लों ने आम जनता से भाजपा की ओर से दिखाए जा रहे झूठे सपनों पर विश्वास न करने का आह्वान करते हुए उन सैकड़ों शहीद किसानों को याद करते हुए आगामी विधानसभा चुनाव में इन्हें मुंहतोड़ जवाब देने की बात कही।