श्रीगंगानगर। भारतीय किसान यूनियन टिकैत, जिला शाखा के शिष्टमण्डल ने जिला कलक्टर के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर सरसों की खरीद हेतु बारदाना उपलब्ध करवाने, सरसों की खरीद की अवधि बढ़ाकर 30 जुलाई करने, किसानों को वर्तमान समर्थन मूल्य पर खरीद की बढ़ी हुई सीमा का लाभ देने तथा फसल विक्रय की राशि को किसानों को अविलम्ब भुगतान करने की माँग की है। इन माँगों को लेकर राजफैड के अधिकारियों को भी ज्ञापन सौंपा गया है।
शिष्टमंडल में जिला संयोजक गगनदीप सिंह ढिल्लों (2 पीएस), जिलाध्यक्ष संदीपसिंह (केरा चक), किसान आर्मी के नेता गुरलालसिंह बराड़, विनोद बिश्नोई, हिम्मत संधू, कुलविंदर सिंह, अमनसिंह, जगजीतसिंह, देवेंद्रसिंह, कुलदीपसिंह, मंगत मान, कुलजीत सिंह शामिल थे।
ढिल्लों ने कहा कि किसानों को अपनी सरसों के विक्रय के लिए 14.5 लाख बारदाना की आवश्यकता है। चूंकि वर्तमान में बारदाना उपलब्ध ना होने के कारण समर्थन मूल्य पर सरसों की विक्रय नहीं हो पा रही है, जिस कारण किसानों को क्षति हो रही है। इसलिए जल्द से जल्द सरसों की खरीद हेतु बारदाना उपलब्ध करवाया जाए एवं समर्थन मूल्य पर सरसों फसल की खरीद की अवधि को 15 जुलाई से बढ़ाकर 30 जुलाई किया जाए, ताकि सभी किसानों की सरसों विक्रय हो सके।
इसके साथ-साथ यूनियन द्वारा यह भी माँग की गई है कि समर्थन मूल्य पर सरसों विक्रय करने हेतु 25 क्विंटल सीमा निर्धारित की गई थी, जिसे अब वर्तमान में बढ़ाकर 40 क्विंटल प्रति किसान कर दिया गया है। चूंकि कुछ किसानों द्वारा पूर्व में निर्धारित सीमा के आधार पर 25 क्विंटल सरसों विक्रय की जा चुकी है।
इसलिए ऐसे किसानों को अब वर्तमान में 15 क्विंटल अधिक हुई वृद्धि का लाभ दिया जाए तथा जिन किसानों द्वारा समर्थन मूल्य पर अपनी सरसों विक्रय की गई है, उनकी राशि का भुगतान अभी तक नहीं किया गया है।