Saturday, May 9निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

किसी का मोबाइल नम्बर गलत तो किसी का स्विच ऑफ

बीकानेर. कोविड़ मृतकों की सूची नगर निगम के लिए जी का जंजाल बनी हुई है। निगम के कई अधिकारी और कर्मचारी कोविड मृतकों के परिवारजनों से सम्पर्क साधने के साथ कोरोना सहायता योजना के तहत आवेदन भरवाने की प्रक्रिया में जुटे हुए हैं। पीबीएम अस्पताल से प्राप्त कोविड मृतकों की सूची में करीब दस प्रतिशत एेसे कोविड मृतकों के नाम बताए जा रहे हैं, जिनके मोबाइल नम्बर या तो गलत है अथवा स्विच ऑफ आ रहे हैं। एेसे में निगम इन कोविड मृतकों के परिवारजनों से सम्पर्क नहीं साध पा रहा है। पीबीएम अस्पताल से प्राप्त सूची में शामिल पात्र कोविड मृतकों के परिवारजनों से ही कोरोना सहायता योजना के तहत आवेदन भरवाने की प्रक्रिया चल रही है।

60 मृतक निगम क्षेत्र से बाहर के निवासी

निगम राजस्व अधिकारी जगदीश खींचड़ के अनुसार 338 की सूची में 60 कोविड मृतक नगर निगम क्षेत्र से बाहर के निवासी है। निगम क्षेत्र से बाहर के निवासी होने पर इनका निगम क्षेत्र के पात्र आवेदनों की सूची में नाम शामिल नहीं किया जा रहा है। वहीं 12 कोविड मृतक एेसे है जो अविवाहित, तलाकशुदा है अथवा जिनका कोई वारिस नहीं है।

85 कार्मिक सरकारी और अद्र्धसरकारी

पीबीएम अस्पताल से प्राप्त कोविड मृतकों की सूची में 85 सरकारी, अद्र्ध सरकारी व राजकीय उपक्रम के कार्मिक हैं। इनकी मृत्यु कोरोना के कारण हुई है। राजस्व अधिकारी खींचड़ के अनुसार 20 मामलों में पति और पत्नी दोनों की मृत्यु कोविड के कारण हो चुकी है, लेकिन इनके पुत्र- पुत्री वयस्क हैं। सूची में पांच एेसे व्यक्तियों के नाम भी शामिल होने बताए जा रहे हैं जो कोरोना से संक्रमित हुए, लेकिन उपचार के बाद स्वस्थ हो गए। फिर भी इनका नाम इस सूची में शामिल है।

आवेदनों की चल रही जांच

कोरोना सहायता योजना के तहत पीबीएम अस्पताल से प्राप्त कोविड मृतकों की सूची के अनुसार जानकारी जुटाने के साथ निगम प्रत्येक मृतक के परिवारजनों से सम्पर्क कर आवेदन लगभग प्राप्त कर चुका है। निगम स्तर पर जांच के बाद सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग स्तर पर इन आवेदनों की जांच चल रही है। पात्र आवेदनों के परिवारजनों को योजना के तहत निर्धारित सहायता राशि प्रदान की जानी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *