केंद्रीय विद्युत और नवीन व नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री आरके सिंह ने शनिवार को थर्मल पॉवर प्लांट्स का जायजा लिया। उन्होंने बिजली, कोयला और रेलवे मंत्रालय के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने बिजली की मांग में बढ़ोतरी को देखते हुए कोयले के भंडारण को लेकर चर्चा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बिजली की सप्लाई बनाए रखने के लिए मिलजुलकर काम जारी रखा जाए। बैठक का मुख्य फोकस इस मुद्दे पर था कि कोयले की किल्लत से बिजली गुल ना हो जाए।
आज की अन्य प्रमुख खबरें…
NCP कार्यकर्ता ने वैक्सीनेशन सेंटर पर महिला सरपंच को पीटा
महाराष्ट्र के पुणे में एक महिला सरपंच की NCP के कार्यकर्ता ने पिटाई की है। महिला सरपंच के साथ यह मारपीट शुक्रवार को कदम बस्ती इलाके के एक टीकाकरण केंद्र पर हुई। इस घटना के बाद पुलिस ने केस तो दर्ज कर लिया है, लेकिन अभी तक आरोपी को अरेस्ट नहीं किया गया है। मारपीट की यह घटना कैमरे में कैद हुई है।
राकेश टिकैत बोले- हमें रोका गया तो बैरियर तोड़ देंगे
केंद्र के तीन कृषि कानूनों के विरोध में किसानों का प्रदर्शन जारी है। रविवार को उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में महापंचायत बुलाई गई है। भारतीय किसान संघ के नेता राकेश टिकैत ने कहा कि इसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि महापंचायत के लिए पहुंचने वाले लोगों की संख्या बता पाना असंभव है, लेकिन मैं वादा कर सकता हूं कि बड़ी संख्या में लोग पहुंचेंगे। किसानों को महापंचायत तक पहुंचने से कोई नहीं रोक सकता। अगर वे हमें रोकेंगे तो हम बैरियर तोड़ देंगे।