बाड़मेर
केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्यमंत्री कैलाश चौधरी ने सूरत (गुजरात) में मारवाड़ियों और राजस्थानियों से कहा कि अगली बार वोट मांगने तब आऊंगा, जब बाड़मेर से मुंबई की सीधी ट्रेन सेवा शुरू हो जाएगी। अगर ऐसा नहीं हुआ तो वोट मांगने सूरत नहीं आऊंगा। कैलाश चौधरी बाड़मेर के सांसद भी हैं। रविवार को सूरत में वह प्रवासी सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।
बीते कई सालों से बाड़मेर से मुंबई रेल सेवा की मांग की जा रही है। बाड़मेर सहित आसपास के जिलों के लोग बड़ी संख्या में गुजरात व महाराष्ट्र में रहते हैं। चुनावों के समय मारवाड़ी व राजस्थानी लोगों से वोट मांगने नेता वहां जाते रहते हैं। यूपीए सरकार ने नई रेल बिछाने की घोषणा की थी और उसका सर्वे भी करवाया गया था। उसके बाद से यह योजना अटकी पड़ी है। पिछले विधानसभा चुनाव में बीजेपी के तत्कालीन राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने बालोतरा चुनावी रैली में वादा किया था कि लोकसभा चुनाव में वोट मांगने आऊंगा, तब तक बाड़मेर-मुंबई रेल सेवा शुरू कर दी जाएगी। करीब तीन साल बीत जाने के बाद भी रेल सेवा शुरू नहीं की गई है। भाजपा आगामी राजस्थान विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुट गई है। इसी के तहत भाजपा नेता गुजरात में प्रवासी राजस्थानियों से मिल रहे हैं।