कोविड स्वास्थ्य सहायक ने किया स्वास्थ्य मंत्री का पुतला दहन
by seemasandesh
संविदा कैडर 2022 में शामिल करने व नौकरी देने की मांग हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। संविदा कैडर 2022 में शामिल करने व नौकरी देने की मांग को लेकर कोविड स्वास्थ्य सहायकों (सीएचए) ने सोमवार को स्टूडेंट फेडरेशन आॅफ इंडिया के बैनर तले जिला कलक्ट्रेट के समक्ष विरोध-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद स्वास्थ्य मंत्री परसादी लाल मीणा का पुतला दहन किया। साथ ही मांगों के संबंध में मुख्यमंत्री के नाम अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा। इससे पहले कोविड स्वास्थ्य सहायक पुतले की शवयात्रा निकालते हुए जिला कलक्ट्रेट पहुंचे तथा राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुतला जलाया। इस दौरान एसएफआई के यश चिलाना ने कहा कि एएनएम व जीएनएम कर चुके युवाओं ने कोविड स्वास्थ्य सहायक के रूप में कोरोना काल में अपनी जान हथेली पर रखकर सेवाएं दी। कोविड-19 टीकाकरण अभियान को कामयाब किया। अब राज्य सरकार ने कोविड स्वास्थ्य सहायकों की सेवा समाप्त करने का आदेश पारित कर दिया है। इसके विरोध में कोविड स्वास्थ्य सहायकों की ओर से जयपुर में शहीद स्मारक पर 73 दिनों से बेमियादी धरना दिया जा रहा है। चिलाना ने कहा कि राज्य सरकार कह रही है कि उसने एक लाख युवाओं को नौकरी दी है लेकिन इनमें शामिल 28 हजार सीएचए की सेवाएं समाप्त कर दी हैैं। उन्होंने मांग की कि कोविड स्वास्थ्य सहायकों की भर्ती नर्स ग्रेड द्वितीय के अनुसार हुई थी तो कोविड स्वास्थ्य सहायकों को भी नर्सेस संवर्ग में शामिल करते हुए संविदा कैडर 2022 में शामिल किया जाए। कोविड स्वास्थ्य सहायकों को योग्यतानुसार समानजनक वेतन दिया जाए। सीएचए की सेवाएं 1 अप्रेल से नियमित रूप से मानी जाए। मांगों पर शीघ्र ध्यान न दिए जाने पर आंदोलन तेज किया जाएगा। इस मौके पर महेन्द्रसिंह, जितेन्द्रसिंह, अश्विनी, मोहन चन्द्र, रमेश, कुलदीप, कपिल, अशोक, दिनेश, सत्यपाल सहित कई कोविड स्वास्थ्य सहायक मौजूद थे।