Monday, August 31निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

भविष्य को रोजगारोन्मुखी बनाने के विषय पर दिए सुझाव

  • एसकेडी यूनिवर्सिटी के विधि संकाय की बोर्ड आॅफ स्टडीज की बैठक सम्पन्न
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    श्री खुशालदास विश्वविद्यालय में सोमवार को विधि संकाय के सत्र 2022-23 के लिए बोर्ड आॅफ स्टडीज की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में बाह्य विषय विशेषज्ञ के तौर पर हनुमानगढ़ टाउन के एनएमलॉ कॉलेज से डॉ. सीताराम टाक एवं लॉ कॉलेज बठिंडा से डॉ. रमनदीप सिंह मौजूद रहे। बैठक के दौरान विभाग की ओर से संचालित बीए एलएलबी, बीकॉम एलएलबी, एलएलबी, एलएलएम व डिप्लोमा के पाठ्यक्रमों पर गहनता से चर्चा की गई। बार काउंसिल आॅफ इण्डिया की ओर से दिए गए सुझावों पर भी इस बैठक में प्रमुखता से विचार-विमर्श किया गया। बैठक में विधि विभाग के बीओएस कन्वीनर डॉ. विक्रम मेहरा ने विभाग की गतिविधियों से अवगत करवाते हुए बताया कि विधि छात्र-छात्राओं की प्रतिभा निखारने व प्रायोगिक अनुभव के लिए उन्हें समय-समय पर जिला सत्र न्यायालय, केन्द्रीय कारागार, पुलिस थाना, कलक्ट्रेट परिसर इत्यादि का शैक्षणिक भ्रमण भी करवाया जाता है ताकि वे अपना पाठ्यक्रम उत्तीर्ण कर सफलता से विधिक क्षेत्र में अपना योगदान दे सकें। सहायक आचार्य डॉ. नवदीप दाधीच ने विधि के विभिन्न पहलूओं, न्यायिक गतिविधियों व छात्र-छात्राओं के भविष्य को रोजगारोन्मुखी बनाने के विषय पर अपने सुझाव दिए। विधि संकाय अधिष्ठाता डॉ. संजय दीक्षित ने बताया कि विश्वविद्यालय की ओर से अपने पाठ्यक्रम को आधुनिक विधि सेवा क्षेत्रों की जरूरतों को पूरा करने पर ध्यान केन्द्रित किया गया है। कुलपति प्रो. एसके दास ने बताया कि बोर्ड आॅफ स्टडीज की बैठक में हुई चर्चा व सुझावों को आगामी विद्या परिषद की बैठक में रखा जाएगा। इसके उपरांत प्रबंधन मंडल की ओर से इन सुझावों को विश्वविद्यालय में लागू करने की अनुमति दी जाएगी।