Saturday, May 16निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

कोहला के पास हड्डारोडी स्थानांतरित करने के आदेशों का विरोध

  • ग्रामीणों ने दी आंदोलन की चेतावनी, जिला कलक्टर को सौंपा ज्ञापन
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    गांव को आवंटित कृषि भूमि को विधि विरुद्ध तरीके से दूसरी ग्राम पंचायत के नाम कर वहां हड्डारोडी शुरू करने का गांव कोहला के ग्रामीणों व आसपास के किसानों ने विरोध किया है। ग्रामीणों व किसानों ने इस जगह हड्डारोडी स्थानांतरित करने के आदेशों को निरस्त नहीं करने पर आंदोलन करने की चेतावनी दी है। सोमवार को इस संबंध में गांव कोहला के ग्रामीणों व आसपास के किसानों ने जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान ग्रामीणों ने जिला कलक्ट्रेट परिसर में प्रशासन व नगर परिषद के खिलाफ नारेबाजी भी की। ग्रामीणों ने बताया कि कोहला गांव को आवंटित कृषि भूमि को जिला परिषद सीईओ के आदेश से विधि-विरुद्ध तरीके से ग्राम पंचायत रामसरा नारायण के नाम कर नगर परिषद की ओर से जंक्शन-टाउन के साथ आसपास के गांवों की हड्डारोडी को इस जगह स्थानांतरित किया जा रहा है जो कि नाजायज है। इसका आसपास रहने वाले लोगों के स्वास्थ्य पर बुरा प्रभाव पड़ेगा। आसपास के लोगों का हड्डारोडी से उठने वाली दुर्गंध के कारण जीना मुश्किल हो जाएगा। हड्डारोडी के कारण यहां जंगली-खूंखार कुत्तों का आतंक होगा। जमीनों की सार-सम्भाल करने में किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा। जमीनों का बाजार भाव में घटेगा। ग्रामीण व आसपास के किसान इसका पुरजोर विरोध करते हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि बुधवार तक हड्डारोडी स्थानांतरित करने के आदेश को निरस्त नहीं किया गया तो ग्रामीणों को आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ेगा। ग्रामीण जिला कलक्ट्रेट के समक्ष बेमियादी धरना शुरू करने को मजबूर होंगे। इस दौरान होने वाली किसी भी अप्रिय घटना की जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। इस मौके पर दौलतराम, रविप्रकाश, ओमप्रकाश, राजेन्द्र, कानाराम, पूर्णराम, पवन मौर्य, संजय कुमार, सुरजाराम, नेतराम, कन्हैयालाल, मांगीलाल रेगर, रमेश, सुरेन्द्र कुमार, पुष्कर राज, जाकिर हुसैन आदि मौजूद थे।