Saturday, May 16निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

असामाजिक तत्वों से परेशान लोग घरों की चाबियां लेकर पहुंचे एसपी कार्यालय

  • बोले, हाऊसिंग बोर्ड क्षेत्र में घरों में रहना हुआ मुश्किल, बजरंग दल व विहिप के बैनर तले एसपी कार्यालय पर किया प्रदर्शन
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    असामाजिक तत्वों व नशेड़ी प्रवृत्ति के युवकों से परेशान हाऊसिंंग बोर्ड के लोग सोमवार को अपने-अपने घरों के ताले लगा चाबियां लेकर एसपी कार्यालय पहुंचे और बजरंग दल व विश्व हिन्दू परिषद के बैनर तले प्रदर्शन किया। प्रदर्शन कर रहे पुरुषों व महिलाओं का कहना था कि उनका हाऊसिंग बोर्ड क्षेत्र में घरों में रहना मुश्किल हो गया है। ऐसे में वहां रहना उनके लिए खतरे से खाली नहीं है। या तो पुलिस असामाजिक तत्वों व नशेड़ी प्रवृत्ति के युवकों पर लगाम कसे। अन्यथा उनके घरों की चाबियां अपने पास रख ले। प्रदर्शन कर रहे हाऊसिंग बोर्ड के वाशिंदों ने ज्ञापन सौंपने के लिए एसपी कार्यालय में प्रवेश करने का प्रयास किया। लेकिन उन्हें पुलिस कर्मियों ने रोक दिया। इस पर प्रदर्शनकारी एसपी कार्यालय के गेट पर धरना लगाकर बैठ गए और हनुमान चालीसा का पाठ करने लगे। कुछ देर बाद 15 जनों को एसपी से वार्ता के लिए अन्दर बुलाया गया। एसपी ने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस मौके पर विहिप व बजरंग दल के प्रांत सह संयोजक आशीष पारीक ने कहा कि खुंजा क्षेत्र में रहने वाले नशेड़ी प्रवृत्ति के युवक एकत्रित होकर हाऊसिंग बोर्ड में जमकर उत्पात मचाते हैं। बच्चियों के साथ छेड़छाड़ करते हैं। जब कोई विरोध करता है तो उसे धमकाया जाता है। मारपीट की जाती है। यह हालात पैदा हो गए हैं। इस कारण बहू-बेटियों का घरों से निकलना दूभर हो गया है। पारीक ने बताया कि ताजा घटनाक्रम में 13 अप्रेल की रात को कुछ लोग हाऊसिंग बोर्ड के पार्क में नशा कर रहे थे। इस दौरान प्रमोद कुमार नामक युवक ने उनको पार्क में नशा करने से रोका तो नशा करने वाले युवकों ने अपने कुछ साथियों को मौके पर बुला लिया और प्रमोद के साथ मारपीट करने पर उतारु हो गए। प्रमोद जब मौके से भागने लगा तो लाठी-डंडे लेकर उसको मारने के लिए उसके पीछे दौड़े। उक्त लोग पीछा करते हुए प्रमोद के घर में घुस गए और उसके साथ मारपीट की। पड़ोसियों ने प्रमोद को बचाया। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। इस संबंध में जंक्शन पुलिस थाना में मुकदमा भी दर्ज है। पारीक ने कहा कि विडम्बना यह है कि पुलिस ने पहले तो देरी से एफआईआर दर्ज की। अब तक इस मामले में पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। इसको लेकर जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय का घेराव किया गया। इसके बाद एसपी से वार्ता की गई। एसपी ने सभी का पक्ष सुनकर पुलिस अधिकारियों को शाम तक उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। एडवोकेट पवन श्रीवास्तव ने कहा कि खुंजा क्षेत्र के कुछ असामाजिक तत्व व नशेड़ी व बदमाश प्रवृत्ति के युवा हाऊसिंग बोर्ड के पार्कांे-मकानों में बैठकर नशा करते हैं। रोकने पर बदतमीजी करते हैं। 13 अप्रेल को हुई घटना के बाद प्रमोद की ओर से मुकदमा दर्ज करवाया गया तो इसकी रंजिश में खुंजा क्षेत्र के कुछ लोगों ने दबाव बनाने के लिए प्रमोद वगैरा के खिलाफ परस्पर झूठा मुकदमा दर्ज करवा दिया। इसी बात को लेकर वे एसपी से मिले हैं। एसपी से तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश जंक्शन थाना प्रभारी को दिए हैं। अब दोनों मामलों की जांच सीओ को सौंप दी गई है। इस मौके पर सौरभ शर्मा, रणजीत सिंह, मोहन चंगोई, कुलदीप नरुका, सुभाष खीचड़, सतपाल स्वामी, राजेश डागला, मुकेश सोनी, सुभाष राव, मानव तिवाड़ी, रजत राव, ओम सारस्वत, प्रदीप करवा, शशांक वालिया, सौरभ शर्मा, बलराज सिंह दानेवालिया, राजेन्द्र ओड, पवन सोनी, दीपक अग्रवाल, दीपक खाती, सरोज, रेशमा, नीतू, लोकेश शेखावत, चंदू राव, लवली आदि कमौजूद थे।