शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान को ड्रग्स मामले में एक बार फिर कोर्ट से झटका लगा है। उन्हें क्रूज ड्रग्स मामले में बुधवार को कोर्ट से जमानत नहीं मिली है। यह लगातार चौथी बार है, जब आर्यन खान की जमानत याचिका खारिज हो गई है। मुंबई के सेशन कोर्ट ने आर्यन की जमानत याचिका खारिज कर दी है और अब उन्हें जेल में ही रहना होगा। स्पेशल एनडीपीएस कोर्ट ने आर्यन खान, अरबाज मर्चेंट और मुनमुन धमेचा की जमानत अर्जी खारिज कर दी है। इस तरह से एक बार फिर से शाहरुख और गौरी खान की चिंताएं बढ़ गई हैं। कहा जा रहा है कि आर्यन खान के वकील अब मुंबई हार्टकोर्ट का रुख कर सकते हैं। इससे पहले कोर्ट ने आर्यन खान की जमानत याचिका पर फैसला पांच दिन के लिए सुरक्षित रखा था। वहीं, दूसरी तरफ इंडस्ट्री के तमाम दिग्गज हस्तियां शाहरुख खान के समर्थन में उतर आये हैं।
फिल्म डायरेक्टर संजय गुप्ता ने भी शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान की गिरफ्तारी और उसे जेल में रखे जाने पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने एनसीबी द्वारा आर्यन खान की गिरफ्तारी को ‘संदिग्ध’ बताया है। संजय गुप्ता का कहना है कि आर्यन खान की गिरफ्तारी संदिग्ध है और उसके पास से कोई ड्रग्स नहीं मिला।