Saturday, May 9निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

क्षतिग्रस्त बाइपास मार्ग में फंसे भारी वाहन, नाराज चालकों ने लगाया जाम

  • जाम में फंसे वाहनों की लगी लम्बी कतारें, पुलिस प्रशासन ने समझाइश कर खुलवाया जाम
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    जंक्शन में सूरतगढ़-श्रीगंगानगर बाइपास मार्ग पर खुंजा के पास शुक्रवार देर रात्रि को भारी वाहन सड़क में बने गहरे गड्ढों में फंस गए। इससे बाइपास मार्ग पर यातायात व्यवस्था बाधित हो गई और भारी वाहनों की लम्बी कतार लग गई। इस कारण वाहन आगे नहीं निकल पाए। इस पर मजबूरी में ट्रोले व कंटेनर के चालकों को भूखे-प्यासे रात बितानी पड़ी। बाइपास मार्ग की दुर्दशा से नाराज इन भारी वाहनों के चालकों ने शनिवार सुबह सूरतगढ़ रोड पर स्थित चुंगी नम्बर आठ के तिराहे पर वाहनों को सड़क के बीच खड़ा कर चक्काजाम कर दिया। उनका कहना था कि सड़क के क्षतिग्रस्त होने से भारी वाहनों को नुकसान हो रहा है। सड़क में करीब पांच-पांच फीट के गड्ढे बने हुए हैं। इन गड्ढों में पिछले दिनों हुई बारिश का पानी भरा हुआ है। इस कारण गड्ढों का पता नहीं चलता और भारी वाहन उनमें फंस जाते हैं। यही नहीं इन सड़क पर बने गड्ढों के कारण रोजाना वाहनों के टायर फट रहे हैं। इस कारण वाहन चालकों को भारी आर्थिक नुकसान हो रहा है। इस मौके पर मौजूद ट्रक चालक कुलवन्त सिंह ने कहा कि रास्ता खराब होने के कारण लोड गाड़ियां फंसी हुई हैं। शहर के बीच से भारी वाहनों का प्रवेश बंद है। सड़क खराब होने के कारण वाहनों का नुकसान हो रहा है। शुक्रवार को आर्मी की गाड़ी का टायर फट गया था। प्रशासन से मांग है कि इस समस्या का समाधान करवाए। वहीं चालक रामचन्द्र ने कहा कि टोल व टैक्स भरने के बाद भी सड़कों की हालत खराब है। इससे भारी वाहनों के चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पुलिस कर्मी आए थे जो शहर के अन्दर से गाड़ी नहीं ले जाने की बात कह चले गए। चालक अवतार सिंह ने बताया कि सूरतगढ़ की तरफ से आकर श्रीगंगानगर-अबोहर बाइपास रोड पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो चुकी है। सड़क में बने बड़े-बड़े गड्ढों में रोजाना भारी वाहन फंस रहे हैं। इससे जाम लगने की स्थिति पैदा हो रही है। शुक्रवार रात्रि को करीब 11 बजे भी एक गाड़ी इस सड़क में बने गड्ढे में फंस गई। इस कारण बाइपास मार्ग पर भारी वाहनों की लम्बी कतारें लग गई। खाली वाहन तो मुड़कर वापस आ गए जबकि लोड वाहन इस मार्ग पर फंस गए। इसके चलते चालकों व खलासियों को भूखे रहकर यहीं पर रात गुजारनी पड़ी। उन्होंने मांग की कि या तो प्रशासन शहर के बीच से भारी वाहनों को ले जाने की अनुमति दे, अथवा क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत करवा समस्या का समाधान किया जाए। इस मौके पर मौजूद जिला परिषद सदस्य मनीष गोदारा ने चेतावनी दी कि अगर शीघ्र इस सड़क की हालत नहीं सुधारी गई तो वाहन चालकों के साथ गांव मक्कासर व डबलीराठान के बीच स्थित टोल नाका पर टोल वसूली बंद करवा विरोध-प्रदर्शन किया जाएगा। समस्या हल न होने तक वाहनों को टोल फ्री करवाया जाएगा।