दो सौ यूनिट बिजली मुफ्त देने व विद्युत दरों में कमी करने की मांग हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। दिल्ली सरकार की तर्ज पर 200 यूनिट बिजली मुफ्त देने व विद्युत दरों में कमी करने सहि पन्द्रह सूत्री मांगों को लेकर आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं का टाउन स्थित जोधपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के सहायक अभियंता कार्यालय के समक्ष चल रहा बेमियादी धरना इस कड़ाके की ठंड में भी रविवार को सातवें दिन भी लगातार जारी रहा। रविवार को पार्टी जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र बेनीवाल के नेतृत्व में ओमप्रकाश, ललित चौधरी, रामप्रीत, भूपसिंह, गोपाल मेघवाल, गोपाल वर्मा, सुभाष पारीक, अशोक कुमार, बनवारीलाल, राजेंद्र रेगर, महावीर स्वामी सहित कई कार्यकर्ता धरने पर बैठे। इस दौरान जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र बेनीवाल ने कहा कि राजस्थान में कांग्रेस के शासन में बिजली के दामों में भारी बढ़ोतरी की गई है। गहलोत सरकार पूरे देश में सबसे महंगी बिजली अपने उपभोक्ताओं को उपलब्ध करवा रही है। लॉकडाउन की अवधि के दौरान गहलोत सरकार ने बिजली की दरों में भारी बढ़ोतरी की। आॅडिट के नाम से विद्युत विभाग की ओर से उपभोक्ताओं से अवैध वसूली की जाती है। हाल ही में फ्यूल सरचार्ज के नाम पर बिजली दरों में अतिरिक्त वृद्धि की गई है। पूर्व में मीटर बदलने के लिए निर्धारित शुल्क 300 रुपए था, इसे बढ़ाकर 900 रुपए कर दिया गया है। कॉलोनाइजर की ओर से कृषि भूमि में काटी गई कॉलोनियों में विद्युत विभाग की ओर से विद्युत कनेक्शन के समय उपभोक्ताओं से अलग-अलग राशि ली जाती है। उन्होंने कोरोना काल के समय के तीन माह के बिजली बिल पूर्णतया माफ करने, बिजली बिलों में शामिल विभिन्न प्रकार के अनावश्यक चार्जेज हटाकर बिजली दरों में कमी करने, बिजली की छिज्जत, चोरी, भ्रष्टाचार एवं बिजली कम्पनियों के कुप्रबन्ध के खिलाफ ठोस कार्यवाही कर जनता पर डाले जाने वाले आर्थिक बोझ को कम कर जनता को राहत दिलाने आदि की मांग की। बेनीवाल ने कहा कि अगर जल्द ही मांगों को पूरा नहीं किया गया तो मजबूरन आंदोलन को तेज करना पड़ेगा। इसकी जिम्मेदारी बिजली विभाग की होगी।