Tuesday, May 12निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

खाद्य सुरक्षा योजना से वंचित परिवारों को जोड़ने का निर्णय कल्याणकारी

  • गांव जोड़कियां, रोड़ांवाली में बजट पे चर्चा अभियान के तहत जनसभाएं
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    बजट पे चर्चा अभियान के तहत रविवार को हनुमानगढ़ तहसील के गांव रोड़ांवाली एवं जोड़कियां में सभाएं की गई। रोड़ांवाली में सभा की अध्यक्षता नूर नबी भाटी एवं जोड़कियां में सरपंच प्रतिनिधि उम्मेद सिंह राजावत ने की। इन सभाओं को संबोधित करते हुए राजस्थान एग्रो इंडस्ट्रीज डवल्पमेंट बोर्ड के सदस्य एवं बजट पे चर्चा अभियान के संयोजक मनीष धारणिया ने कहा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की ओर से प्रस्तुत इस वर्ष के बजट में किसान हित के साथ-साथ गांव में शिक्षा के स्तर को सुधारने को भी प्राथमिकता दी गई है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने इस बजट में राज्य के सभी 3 हजार 820 सेकेंडरी विद्यालयों को सीनियर सेकेंडरी विद्यालयों में क्रमोन्नत करने की घोषणा की है। वहीं राजस्थान में 5 हजार से अधिक आबादी वाले सभी गांवों में 1 हजार 200 महात्मा गांधी अंग्रेजी विद्यालय स्वीकृत किए गए हैं। राजस्थान में अंग्रेजी माध्यम से शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए आगामी वर्ष में शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में एक-एक हजार महात्मा गांधी अंग्रेजी विद्यालय शुरू किए जाएंगे एवं लगभग 10 हजार अंग्रेजी माध्यम के शिक्षक भर्ती किए किए जाएंगे। कन्याओं में उच्च शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए राजस्थान में नए 36 कन्या महाविद्यालय खोले जा रहे हैं। प्रत्येक जिला मुख्यालय पर मेडिकल कॉलेज की स्थापना का कार्य प्रगति पर है। अभियान के सह संयोजक हर्षवर्धन झींझा ने कहा कि मुख्यमंंत्री अशोक गहलोत ने मनरेगा की तर्ज पर इंदिरा गांधी शहरी रोजगार गारंटी योजना का प्रावधान इस बजट में किया है। शहरी क्षेत्र के बेरोजगारों को अब जल्द ही 100 दिन का रोजगार मिलना शुरू हो जाएगा। हनुमानगढ़ में नर्सिंग कॉलेज खोलने का निर्णय किया है। इससे यहां के युवाओं का नर्सिंग सेवा का सपना साकार होगा। हनुमानगढ़ में एग्रो फूड पार्क खोलने की घोषणा से यहां का किसान, मजदूर एवं व्यापारिक वर्ग अत्यधिक प्रसन्न है। सरकारी कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना लागू करना ऐतिहासिक निर्णय है। इससे कर्मचारी वर्ग को वर्षों पुरानी मांग पूरी होने से बड़ी राहत मिली है। ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेता नूर नबी भाटी ने कहा कि पिछले तीन सालों में राज्य की गहलोत सरकार ने 2 लाख 48 हजार कृषि विद्युत कनेक्शन दिए हैं और आने वाले 2 वर्षों में 4.88 लाख नए कृषि विद्युत कनेक्शन किसानों को सिंचाई के लिए दिए जाएंगे जो कि बड़ा कीर्तिमान होगा। उम्मेद सिंह राजावत ने कहा कि खाद्य सुरक्षा योजना से वंचित 10 लाख परिवारों को योजना से जोड़ने का निर्णय गरीबों के लिए कल्याणकारी है। वक्ताओं ने विस्तारपूर्वक इस ऐतिहासिक बजट के प्रमुख बिंदुओं और शानदार योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की ओर से राज्य बजट में अनेकों जन कल्याणकारी निर्णय लेकर प्रदेशवासियों को कई बड़ी सौगातें देने पर आभार जताया। पंफलेट बांटकर ग्रामीणों को बजट में किए गए प्रावधानों की जानकारी दी गई। इन सभाओं में सद्दाम हुसैन, इशाक चायनान, प्रसन्नसिंह, रामेश्वर मेहरड़ा, सहीराम नायक, धनसिंह, प्रदीप गोदारा, जगदीश गोदारा, श्योनारायण सिंह, मुमताज खान, हरमन सिंह, अमरसिंह नरुका, बलदेव सिंह राजावत, लोकेन्द्र थोरी, संदीप सहारण आदि मौजूद थे।