Tuesday, May 12निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

अनूठा विरोध प्रशासन, निकाली जिला प्रशासन के पुतले की शवयात्रा

  • आज किया जाएगा पुतला दहन, हड्डारोडी के खिलाफ ग्रामीणों का आंदोलन जारी
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    मेगा हाइवे पर स्थित ग्राम पंचायत कोहला क्षेत्र में हड्डारोडी स्थानांतरित करने के खिलाफ कोहला संघर्ष समिति के बैनर तले चल रहा ग्रामीणों का बेमियादी धरना रविवार को छठे दिन भी जारी रहा। रविवार को ग्रामीणों ने अनूठे तरीके से विरोध-प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन का प्रतीकात्मक पुतला तैयार कर पूरे गांव में पुतले की शवयात्रा निकाली। राम नाम सत्य है, सत्य बोलो गत है बोलते हुुए निकाली गई शवयात्रा में पुरुषों के साथ महिलाएं व बच्चे भी शामिल हुए। प्रशासन को जगाने के लिए निकाली गई शवयात्रा गांव के गुवाड़ से शुरू हुई जो गांव के मुख्य मार्गों से होते हुई धरना स्थल पर पहुंची। शव यात्रा के दौरान ग्रामीणोंं की ओर से गांव में जगह-जगह चाय, शरबत पिलाकर सेवा की गई। बकायदा विरोध स्वरूप सिर मुंडन का कार्यक्रम भी हुआ। शवयात्रा जब धरना स्थल पर पहुंची तो वहां शव को अंतिम दर्शनों के लिए रखा गया। जिला प्रशासन की प्रतीकात्मक पत्नी रूप में रोने तथा चूड़ियां फोड़ने का कार्यक्रम भी रखा गया। इस दौरान मौजूद ग्रामीणों का कहना था कि यदि गांव के पास हड्डारोडी का निर्माण होता है तो ग्रामीणों का जीना दूभर हो जाएगा। बदबूदार माहौल में ग्रामीण नहीं रह पाएंगे। एडवोकेट लक्ष्मीनारायण जांगू और आत्माराम भादू ने कहा कि ग्रामीणों का प्रशासन के ऊपर विश्वास उठ गया है क्योंकि नगर परिषद ने सक्षम न्यायालय का स्थगन होने के बावजूद जोर जबरदस्ती से हड्डारोडी बना दी। इस हड्डारोडी का विरोध अब एक जन आंदोलन बन चुका है। आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि हड्डारोडी का विरोध करने वाले सवा सौ लोगों पर नगर परिषद की ओर से झूठे मुकदमे करवा कर और पुलिस व प्रशासन की ओर से झूठी कार्रवाई कर डराया-धमकाया जा रहा है। इन मुकदमों और डराने की कार्रवाई से ग्रामीणों का आक्रोश बहुत अधिक बढ़ गया है। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन का पुतला दहन सोमवार सुबह 11 बजे धरनास्थल पर किया जाएगा। इस मौके पर राजकुमार यादव, लीलाधर शर्मा, हरीराम सुथार, भादरराम यादव, पवन मोर्य, देवेन्द्र पारीक के अलावा काफी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।