जयपुर
राजस्थान के खेलमंत्री अशोक चांदना के इस्तीफे की पेशकश वाले बयान के बाद प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ती मंत्री प्रतापसिंह खाचरियावास ने कहा कि अशोक चांदना एग्रेसिव लीडर है। उन्होंने जो मुद्दे उठाए है उनका सम्मान होना चाहिए। वहीं उद्योग मंत्री शकुंतला रावत ने ब्यूरोक्रेट्स का बचाव किया है। मंत्री खाचरियावास ने राजधानी जयपुर में मीडिया से बात करते हुए कहा कि चांदना मिनी ओलंपिक करवा रहे हैं। उसमें जरूर कोई प्रॉब्लम आई होगी। इसी कारण नाराजगी होगी। अफसरों से कभी-कभी किसी बात को लेकर टकराव हो जाते हैं, लेकिन यह टकराव अशोक चांदना के व्यक्तिगत मुद्दों के लिए नहीं है। उन्होंने जो आवाज उठाई है, उसका सम्मान करना चाहिए। मुख्यमंत्री समझते हैं कि मामले को कब सुलझाना है, लेकिन इसके साथ ही उन्होंने कहा कि सार्वजनिक रूप से इस तरह से बयानबाजी करते हैं तो पार्टी में और ज्यादा कमजोरी आती है।
कांग्रेस डेमोक्रेटिक पार्टी
उल्लेखनीय है कि खेलमंत्री अशोक चांदना ने गुरुवार देर रात ट्वीट कर मंत्री पद से इस्तीफा देने की पेशकश की थी। चांदना ने सीएम गहलोत के प्रमुख शासन सचिन कुलदीप रांका पर निशाना साधा था। चांदना के इस्तीफे पर सीएम गहलोत ने आज प्रतिक्रिया दी है। गहलोत ने कहा कि चांदना पर प्रेशर होगा। इसलिए इस तरह का बयान दिया है। इसे गंभीरता से नहीं लेना चाहिए। अभी मेरी चांदना से बात नहीं हुई है। मंत्री प्रतापसिंह खाचरियावास ने कहा कि कांग्रेस डेमोक्रेटिक पार्टी है। हमारे यहां जनता की आवाज बनकर लड़ना सिखाया जाता है। कई बार आवाज तेज होती है तो उसकी गूंज सुनाई देती है। मंत्री प्रताप सिंह ने कहा अशोक चांदना स्पोर्ट्समेन और एग्रेसिव लीडर हैं, जो जनता के बीच काम करते हैं।