Friday, May 15निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

खेल से मिलती है अनुशासन, टीम वर्क और नेतृत्व कौशल की सीख

  • राजीव गांधी स्टेडियम में ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जयपुर के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। इस क्रम में गत दिवस हनुमानगढ़ ब्लॉक में टेबल टेनिस, बैडमिंटन, दौड़, कूद, कबड्डी, फुटबॉल, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल खेलों का आयोजन किया गया। यह प्रतियोगिताएं जंक्शन के राजीव गांधी स्टेडियम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव संदीप कौर व शिक्षा विभाग के समन्वय से आयोजित की गर्इं। प्रतियोगिताओं का आगाज प्राधिकरण सचिव संदीप कौर ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। सचिव संदीप कौर ने खिलाड़ियों को खेलों के फायदे बताते हुए कहा कि खेल मैदान जीवन के लिए प्रशिक्षण मैदान है। खेल हमें अनुशासन, टीम वर्क और नेतृत्व कौशल सिखाते हैं। खेल व्यक्ति के तन, मन व स्वास्थ्य को स्वस्थ बनाए रखने में सहायक होते हैं। सचिव ने खिलाड़ियों को और अधिक उत्साह दिखा हनुमानगढ़ जिले को राज्य स्तर पर प्रथम लाने के लिए प्रेरित किया। सचिव ने बताया कि प्राधिकरण की ओर से 16 अगस्त से 30 अगस्त तक ब्लॉक स्तरीय, 6 सितम्बर से 15 सितम्बर तक जिला स्तरीय, 19 सितम्बर से 30 सितम्बर तक संभाग स्तरीय एवं 13 अक्टूबर से 15 अक्टूबर तक राज्य स्तर पर प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इस मौके पर मौजूद ब्लॉक शिक्षा अधिकारी सीमा भल्ला ने भी खिलाड़ियों का उत्साह वर्धन करते हुए उन्हें अधिक मेहनत व लगन से खेलने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान जिला खेल अधिकारी शमशेर सिंह सहित कई शारीरिक शिक्षक मौजूद थे।