जहां पूरा देश भगवान गणेश के स्वागत के लिए तैयार है, वहीं जी टीवी के कलाकार भी इस त्यौहार को मनाने के लिए बेहद उत्साहित और रोमांचित हैं। इस उत्सव के अवसर पर मानसी श्रीवास्तव, संजय गगनानी, अमनदीप सिद्धू, पारुल चैधरी, आशी सिंह, शगुन पांडे, पूजा बनर्जी, विवाना सिंह जैसे कलाकारों ने इस त्यौहार से जुड़ी अपनी सबसे प्यारी यादें साझा कीं और बताया कि इस साल यह त्यौहार मनाने को लेकर उनका क्या प्लान है।
मैंने कभी गणपति की मूर्ति घर पर नहीं रखी: मानसी श्रीवास्तव
मैंने कभी गणपति की मूर्ति घर पर नहीं रखी, क्योंकि मैं मुंबई में अकेली रहती हूं और मुझे अपने शूट से समय निकालकर सजावट और तैयारी करने में मुश्किल होती है। हालांकि, मेरे दोस्तों द्वारा अपने घरों में बनाए गए सुंदर पंडालों में जाना और आशीर्वाद लेना मुझे बहुत पसंद है। इस साल भी, मैं ‘कुंडली भाग्य’ की शूटिंग से कुछ समय निकालकर उनके घर जाने के लिए उत्सुक हूं। इस त्यौहार के बारे में मुझे सबसे अच्छी चीज ये लगती है, कि यह हर किसी के चेहरे पर खुशी और उमंग लाता है। इस त्यौहार के दौरान सभी जोश, डांस और उत्साह से भरे होते हैं। इसे देखकर मुझे वाकई में बहुत खुशी होती है। मुझे मुंबई की सड़कों पर होने वाले विसर्जन में शामिल होना और नासिक ढोल और बैकग्राउंड में बज रहे बाकी बैंड पर लोगों के साथ डांस करना भी पसंद है। लोगों को एंजॉय करते देखना बहुत मजेदार है। जहां हम निश्चित रूप से इन सभी समारोहों को मिस करते हैं, वहीं यह जरूरी है कि कोविड के माहौल को देखते हुए हम अपने उत्सवों को सादगीपूर्ण रखें। फिर भी, चलो त्यौहार की भावना को कम नहीं करते हैं और बप्पा का गर्मजोशी और प्यार से स्वागत करते हैं।

गणपति बप्पा एक ऐसे भगवान हैं, जिनसे मैं हर सुबह प्रार्थना करती हूं: पारुल चैधरी
गणेश चतुर्थी का मतलब है उत्सवों के मौसम की शुरुआत, चारों ओर बढ़िया माहौल और हर्षोल्लास। गणपति बप्पा विघ्नहर्ता हैं और एक ऐसे भगवान हैं, जिनसे मैं हर सुबह प्रार्थना करती हूं। इस साल त्यौहार के दौरान मैं ज्यादातर समय रोज ‘भाग्य लक्ष्मी’ की शूटिंग करूंगी, लेकिन निश्चित रूप से अपने करीबी दोस्तों और उनके गणपति से मिलने और प्रसाद खाने का प्रयास करूंगी। हालांकि, इस बार का उत्सव निश्चित रूप से सादगीपूर्ण होगा और वर्तमान में कोविड के माहौल को देखते हुए यह जरूरी है। बप्पा भी चाहते हैं कि हम सुरक्षित रहें। बप्पा से मेरी एक ही प्रार्थना है कि हम जल्द से जल्द कोविड की स्थिति से बाहर निकलें और सामान्य जीवन शुरू करें। लोगों की नौकरियां चली गई हैं और वे आर्थिक रूप से संघर्ष कर रहे हैं। साथ ही, अफगानिस्तान का माहौल भी दिल दहला देने वाला है। मैं आशा और प्रार्थना करती हूं कि दुनिया ठीक हो जाए।

मैं सभी को गणेश चतुर्थी की शुभकामनाएं देती हूं: आशी सिंह
ईमानदारी से मुझे भारत में मनाए जाने वाले सभी त्यौहार बहुत पसंद हैं और गणेश चतुर्थी प्रमुख त्यौहारों में से एक होने के नाते मेरे दिल में एक खास जगह रखता है। यह मेरे लिए बहुत मायने रखता है, क्योंकि पिछले साल मैंने एक मन्नत मांगी थी कि जब भी मैं नया घर खरीदूंगी तो गणपति बप्पा को अपने घर लाऊंगी और सौभाग्य से इस साल मैं अपना घर खरीद सकी, मानो बप्पा ने मेरा सपना पूरा कर दिया है। चूंकि मैं इस साल मीत की शूटिंग कर रही हूं, इसलिए मैं उतनी तैयारी नहीं कर पाऊंगी, जितनी मैंने पिछले साल की थी। हालांकि, मैं निश्चित रूप से बप्पा के साथ रहने के लिए एक दिन निकालूंगी और उन्हें अपनी प्रार्थना अर्पित करूंगी। मैं देर रात गणपति पंडालों में जाना पसंद करती हूं, लेकिन इस बार भी सामाजिक समारोहों को प्रतिबंधित करने और कोविड-19 नियमों के चलते हमें उत्सवों को आपस में सीमित रखना चाहिए। इन सबके बावजूद, मैं सभी को गणेश चतुर्थी की शुभकामनाएं देती हूं, बप्पा आपके जीवन में ढेर सारा प्यार, समृद्धि और खुशियां लाएं।

मैं भगवान गणेश से प्रार्थना करती हूं कि इस साल हमारे सभी विघ्नों को दूर कर दें: पूजा बनर्जी
महामारी का खतरा अब भी मंडरा रहा है, तो ऐसे में इस साल की गणेश चतुर्थी सामान्य से काफी अलग होगी। इस साल, मैं दर्शन के लिए बाहर नहीं निकलूंगी, लेकिन मैं घर पर गणपति बप्पा की पूजा जरूर करूंगी। मुझे मोदक भी बहुत पसंद हैं, इसलिए मैं घर पर कुछ मोदक बनाकर उनका मजा लूंगी। असल में, ये साल उत्सवों के मामले में अलग होगा, लेकिन उत्साह और उमंग वहीं रहेगा। मुझे बचपन से ही इस त्यौहार से प्यार रहा है और मूर्ति को घर लाने से लेकर विसर्जन के समय तक मैं हर साल इस पर्व पर दिल खोलकर नाचती थी। नागपुर में बप्पा को अपने घर लाने के लिए मैं भी ढोल बजाती थी। मुंबई में भी, गणेश उत्सव दोस्तों से मिलने का एक शानदार मौका रहा है, क्योंकि हम सभी उत्सव के दौरान अपने दोस्तों के घर जाते थे। दुख की बात यह है कि इस साल हम सभी अपने दोस्तों से मिलने और त्यौहार मनाने से अछूते रहेंगे, लेकिन मैं सभी को गणेश चतुर्थी की हार्दिक शुभकामनाएं देती हूं। मैं भगवान गणेश से प्रार्थना करती हूं कि इस साल हमारे सभी विघ्नों को दूर कर दें।

मैं घर पर गणपति की मूर्ति की स्थापना नहीं करती: विवाना सिंह
मैं घर पर गणपति की मूर्ति की स्थापना नहीं करती, लेकिन मैं अपने सबसे अच्छे दोस्त के घर जाती हूं, जहां मैं पूरे दिन उत्सव के लिए रुकती हूं। इस त्यौहार के बारे में एक बात जो मुझे पसंद है, वो यह कि हम मूर्ति के साथ जो संबंध बनाते हैं, जो सजावट हम उनके स्वागत के लिए करते हैं, और जो प्रसाद हम गन्नू जी को चढ़ाते हैं। मेरा बप्पा के साथ बड़ा प्यारा रिश्ता है, मैं आमतौर पर हर साल उन्हें राखी बांधती हूं और उन्हें ‘गन्नू भैया’ कहती हूं क्योंकि मैं भगवान शिव की भक्त हूं और मुझे सचमुच ऐसा लगता है कि बप्पा मेरे भाई हैं। दिल से एक आध्यात्मिक इंसान होने के नाते, मेरा मानना है कि गणेशोत्सव के दिनों में मेरी सभी मनोकामनाएं पूरी होती हैं। इसलिए, मैं ‘अपना टाइम भी आएगा’ पर अपनी शूटिंग से कुछ समय निकालकर अपने दोस्तों और परिवार के साथ खुशी मनाते हुए प्रार्थना करने के लिए उत्सुक हूं। हम प्रार्थना करते हैं, जश्न मनाते हैं, अपनी डाइट की परवाह किए बिना खानपान का मजा लेते हैं, अपने जैसी सोच वाले लोगों से जुड़ते हैं और भगवान में आस्था रखते हैं। पूरे साल तो सभी व्यस्त रहते हैं, लेकिन इस त्यौहार के दौरान हम फिर से जुड़ते हैं और यादें ताजा करते हैं।

मैं दिल से एक बहुत आध्यात्मिक इंसान हूं: शगुन पांडे
गणेश चतुर्थी एक ऐसा त्यौहार है, जो पूरे देश को एक साथ जोड़ता है और यह बेमिसाल है। यह एक ऐसा त्यौहार है, जो सड़कों से लेकर हमारे अपार्टमेंट तक मनाया जाता है। सचमुच ये हमारे देश की सुंदरता है, जब मैं विदेश यात्रा करता हूं या जब कोई विदेशी भारत आता है, तो मैं गणेश चतुर्थी का उदाहरण देकर बड़े गर्व से बताता हूं कि हमारे यहां उत्सव का क्या मतलब होता है। वैसे, इस साल मैं ‘मीत’ की शूटिंग में व्यस्त रहूंगा, लेकिन मैं बप्पा का आशीर्वाद लेने के लिए दोस्तों और प्रियजनों से जरूर मिलूंगा। सच कहूं तो, मैं दिल से एक बहुत आध्यात्मिक इंसान हूं और आज तक, मैं अपना दिन शुरू करने से पहले विघ्नहर्ता को नमन करता हूं ताकि वो हमारे सभी दुखों और बाधाओं को संभाल लें। महामारी का खतरा अब भी हमारे सिर पर मंडरा रहा है, और मैं व्यक्तिगत तौर पर ये मानता हूं कि हमें अब बप्पा के आशीर्वाद की जरूरत पहले से कहीं ज्यादा है। जहां हम सभी जश्न मनाएंगे, वहीं मैं सभी से अनुरोध करूंगा कि हर व्यक्ति राज्य सरकार द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करें, क्योंकि यह हम सभी के लिए बहुत जरूरी है। आशीर्वाद जरूर लीजिए, लेकिन ये ध्यान रखिए कि अगर हम एक दूसरे की मदद करेंगे तो भगवान भी हमारी मदद करेंगे।

मैं लोगों से इस साल भी अपने पारंपरिक समारोहों को सादे ढंग से मनाने की गुजारिश करता हूं: संजय गगनानी
मुझे बप्पा को घर लाने का ज्यादा मौका नहीं मिला है, लेकिन मेरे बहुत से दोस्त हैं, जो बड़े उत्साह और खुशी के साथ गणेश जी को अपने घरों में लाते हैं। इस त्यौहार की सजावट और समारोह किसी भव्यता से कम नहीं होता है और खानपान ऐसा कि है कि हर किसी के मन को भा जाए। खाने का शौकीन होने के नाते, मैं असल में इस उत्सव में घर के बने मोदक और पकवानों का आनंद लेना चाहता हूं। इस साल भी, मैं ‘कुंडली भाग्य’ की शूटिंग से कुछ समय निकालकर बप्पा का स्वागत करने की योजना बना रहा हूं, हालांकि ये समारोह बड़ा सादगीपूर्ण होगा। हर साल, मैं लालबाग के राजा का आशीर्वाद लेने जरूर जाता हूं, लेकिन इस बार मेरी योजना ऑनलाइन दर्शन करने की है, जिसे सरकार ने सभी भक्तों के लिए रखा है। मैं वाकई लोगों से इसका पालन करने और इस साल भी अपने पारंपरिक समारोहों को सादे ढंग से मनाने की गुजारिश करता हूं।