बीकानेर. पांच वर्ष तक आयु के बच्चों को डायरिया और कुपोषण से बचाने के लिए गहन दस्त नियंत्रण माह का आगाज बुधवार से होगा। जिला अस्पताल, सभी सीएचसी, पीएचसी, यूपीएचसी व आंगनवाड़ी केन्द्र स्तर में स्थापित ओआरएस व जिंक कॉर्नर का जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों की ओर से शुरूआत की जाएगी। सीएमएचओ डॉ. ओ पी चाहर के अनुसार आईडीसीएफ मूलत: जनजागरण पर केन्द्रित रहेगा। डॉ. चाहर के अनुसार दस्त एक सामान्य बीमारी है जो थोड़ी सी सावधानी से ठीक हो जाती है । अभियान के दौरान 7 जुलाई से 6 अगस्त तक आशा सहयोगिनियां प्रतिदिन 5 वर्ष आयु तक के बच्चे वाले घरों में जाकर ओआरएस का पैकेट बांटेगी व किसी के दस्त से ग्रसित पाए जाने पर जिंक टेबलेट की 14 दिन की खुराक वितरित करेंगी। अभियान के नोडल अधिकारी डॉ.योगेन्द्र तनेजा के अनुसार अभियान के दौरान 3 लाख से ज्यादा बच्चों तक ओआरएस पैकेट पहुंचाने का लक्ष्य है जिसके लिए माइक्रोप्लान बनाकर पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध करवा दिया गया है ।अभियान के तहत सभी चिकित्सा संस्थानों के ओपीडी व आईपीडी में तथा आंगनबाड़ी केन्द्रों पर ओआरएस व जिंक कॉर्नर बनाए जाएंगे। एक लीटर घोल तैयार करने व उपयोग के तरीके का प्रदर्शन किया जाएगा।