जयपुर
राजस्थान में गहलोत सरकार के मंत्रियों की खींचतान जगजाहिर है। शनिवार 12 मार्च को कैबिनेट की बैठक में गहलोत के मंत्रियों के बीच एक बार फिर मतभेद जाहिर हो गए। सीएम गहलोत को बीच में हस्तक्षेप करने पर मामला शांत हुआ। दरअसल, शनिवार को हुई कैबिनेट की बैठक में यूडीएच मंत्री शांति धारीवाल और कृषि मंत्री लालचंद कटारिया आपस उलझ गए। मामला कृषि भूमि से अकृषि कार्य में रूपांतरण से जुड़ा था। दोनों मंत्रियों के तेवर तल्ख होने पर सीएम गहलोत को हस्तक्षेप करना पड़ा। इसके बाद मामला शांत हुआ। सूत्रों के अनुसार कैबिनेट की बैठक में मंत्रियों की लेटलतीफी से भी सीए गहलोत नाराज हो गए। जलदाय मंत्री महेश जोशी के लेट आने पर सीएम गहलोत ने कहा कि महेश जोशी जी कभी आप समय पर आते हो क्या?
पॉलिसी को लेकर उलझे धारीवाल- कटारिया
सूत्रों के अनुसार कृषि मंत्री लालचंद कटारिया ने यूडीएच मंत्री शांति धारीवाल से कहा कि जो पॉलिसी आपने बनाई है वह जिले के लिए अलग-अलग कैसे हो सकती है। 2 जिलों में अलग-अलग पॉलिसी नहीं चल सकती। इस पर शांति धारीवाल और लालचंद कटारिया के बीच कुछ देर काफी बहस हो गई। उल्लेखनीय है कि राजस्थान भू राजस्व अधिनियम की धारा 90-ए की उपधारा 8 संशोधन की स्वीकृति दी है। सरकार के इस निर्णय से 17 जून 1999 के बाद शहरी क्षेत्रों में कृषि भूमि पर आवास बनाक रह रहे एवं आजीविका अर्जित कर रहे आमजन को बड़ी राहत मिल सकेगी।