Wednesday, May 13निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

गुरु के बताए मार्ग पर चलने का आह्वान

  • कोरोना काल के बाद शहीदी जोड़ मेला का बड़े स्तर पर हुआ आयोजन, उमड़ी संगत
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    टाउन के गुरुद्वारा शहीद बाबा सुखासिंह शहीद बाबा महताब सिंह छावनी बूढ़ा दल में शनिवार को सालाना शहीदी जोड़ मेला भरा। क्षेत्र व दूर-दराज से भारी तादाद में पहुंची संगत ने श्री गुरु ग्रंथ साहिब के समक्ष माथा टेककर सुख-समृद्धि की कामना की। शिरोमणि सेवा रतन, शिरोमणि पंथ रतन, सिंह साहिब जत्थेदार बाबा बलवीर सिंह अकाली 96वें करोड़ी मुखी बुड्ढा दल पंजवा तख्त की सरपरस्ती में कोरोना काल के चलते दो साल बाद बड़े स्तर पर हुए जोड़ मेले के आयोजन को लेकर संगत में जबरदस्त उत्साह नजर आया। आसपास के गांवों से संगत ट्रैक्टर-ट्रॉलियों, दुपहिया व चौपहिया वाहनों तथा बसों में सवार होकर गुरुद्वारा साहिब पहुंची। इससे पहले सुबह जोड़ मेले के उपलक्ष्य में गुरुद्वारा साहिब में 21 जुलाई से चल रहे इकोतरी साहिब के श्री अखंड पाठ के भोग डाले गए। श्री अखंड पाठ के भोग के बाद राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय फोर्ट स्कूल के खेल मैदान में खुले दीवान सजाए गए। इसमें हजूरी रागी करनैल सिंह, ढाडी जत्था तरसेम सिंह, मनमोहन सिंह ने प्रवचनों से संगत को निहाल किया। गुरु इतिहास सुनाकर अपने विचारों के जरिए संगतों को निहाल किया। संगत से गुरु के बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया। इसके अलावा केस धारण करने, सामाजिक बुराइयों को त्यागने, संस्कृति और शहीदों की दी गई कुर्बानी को हमेशा याद रखने का संदेश दिया। गुरुद्वारा साहिब में अटूट लंगर बरताया गया। भीषण गर्मी के बावजूद सेवादारों में सेवा कार्य का जज्बा देखने लायक था। शहीदी जोड़ मेले में उमड़ी संगत की भीड़ के चलते गुरुद्वारा साहिब के समक्ष पूरा दिन जाम की स्थिति रही। यहां तैनात यातायात व टाउन थाना के पुलिस कर्मियों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। जोड़ मेले के चलते गुरुद्वारा परिसर के बाहर दुकानें लगाई गई। मेले में आए लोगों ने दुकानों पर खरीदारी की। भटनेर दुर्ग रोड पर लगी अस्थाई दुकानों पर उमड़ी भीड़ के कारण इस मार्ग पर भी पैर रखने की जगह नहीं बची। मेला स्थल पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। गुरुद्वारा साहिब में फायर ब्रिगेड की गाड़ी भी मौजूद रही। मुख्य मेला भरने के साथ ही तीन दिवसीय सालाना शहीदी जोड़ मेला सम्पन्न हो गया। गुरुद्वारा के सेवादार बाबा जोगासिंह, बाबा जग्गासिंह, रमेश मुटनेजा, अनिल कुमार, कश्मीरा सिंह, राजासिंह, लाभसिंह, गुरजंट सिंह, कमलजीत सिंह, जसवीर सिंह, परमजीत सिंह, बिट्टासिंह, भोलासिंह सहित अन्य सेवादारों ने जोड़ मेले में सेवाएं दी। गौरतलब है कि टाउन स्थित ऐतिहासिक गुरुद्वारा शहीद बाबा सुखासिंह शहीद बाबा महताब सिंह में बरसों से जोड़ मेला भरता है। इसमें हनुमानगढ़ के अलावा पड़ोसी राज्यों से भी खूब लोग आते हैं। कोरोना काल से पहले मुख्य मेले के एक दिन पहले कुश्ती प्रतियोगिता भी होती थी।