Wednesday, May 13निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

नशे के दुष्परिणाम बता नशा नहीं करने के दिलाई प्रतिज्ञा

  • नशे के विरुद्ध जागरूकता के लिए सेमिनार का आयोजन
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    संकल्प फाउंडेशन की ओर से जिले में बढ़ते हुए नशे के विरुद्ध युवा पीढ़ी को जागरूक करने के लिए चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत शनिवार को जंक्शन के नेशनल पब्लिक स्कूल में एक कदम नशा मुक्ति की ओर विषयक सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सीओ सिटी प्रशांत कौशिक एवं विशिष्ट अतिथि इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष डॉ. भवानी ऐरन थे। अध्यक्षता फाउंडेशन अध्यक्ष दिनेश दाधीच ने की। सेमिनार में वक्ताओं ने विद्यार्थियों को नशे के विरुद्ध जागरूक करने के लिए नशे से होने वाले दुष्परिणामों के बारे में बताया। किस प्रकार नशे से दूर रहा जाए इस विषय पर विद्यार्थियों के साथ चर्चा की। मुख्य अतिथि सीओ सिटी प्रशांत कौशिक ने संकल्प फाउंडेशन की ओर से चलाए जा रहे अभियान की प्रशंसा करते हुए सभी को इसके साथ जुड़कर नशे के विरुद्ध जागरूकता के लिए कार्य करने का आह्वान किया। साथ ही विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने की अपील की। पुलिस की ओर से नशे के विरुद्ध की जा रही कार्रवाई के बारे में बताते हुए कौशिक ने कहा कि कहीं पर भी कोई विद्यार्थी किसी को नशे से संबंधित कार्य करते हुआ देखे तो उसी समय अपने माता-पिता, स्कूल टीचर या पुलिस को सूचित करे। विशिष्ट अतिथि आईएमए जिलाध्यक्ष डॉ. भवानी ऐरन ने विद्यार्थियों को विभिन्न प्रकार के नशों से शरीर पर पड़ने वाले प्रभाव के बारे में बताया। विद्यार्थियों को नशे से दूर रहकर अपने भविष्य को संवारने के लिए पढ़ाई की तरफ ध्यान देने की अपील की। फाउंडेशन महासचिव विजय सिंह चौहान ने कहा कि समाज में बढ़ रहे नशे के प्रति समाज का प्रत्येक वर्ग चिंतित है। नशे से पूरा परिवार बर्बादी की ओर चला जाता है। आज पुलिस की ओर से की जा रही कार्रवाई के साथ-साथ हम सभी का यह दायित्व है कि हम इसके विरुद्ध आवाज उठाएं। आने वाली युवा पीढ़ी को बचाने के लिए हम सभी को मिलकर नशे के विरुद्ध कार्य करना होगा। दाधीच ने बच्चों को नशे से दूर रहने और अपने आस-पड़ोस, माता-पिता सभी को नशे के विरुद्ध कार्य करने के लिए कहने के लिए अपील करते हुए बताया कि फाउंडेशन इसी प्रकार स्कूलों व कॉलेजों में जागरूकता अभियान निरंतर चलाएगा। फाउंडेशन निरंतर इस कार्यक्रम को जारी रखते हुए प्रत्येक शिक्षण संस्थान में जाकर बच्चों को नशे के विरुद्ध जागरूक करेगा। फाउंडेशन उपाध्यक्ष रामनिवास मांडण एवं सचिव राजेश मदान ने भी विद्यार्थियों से संवाद कर उनको नशे के विरुद्ध जागरूक करने का प्रयास किया और नशे से दूर रहने व खेल के साथ जुड़ने के लिए प्रेरित किया। नेशनल पब्लिक स्कूल की प्राचार्य जसविंद्र सोढ़ी ने भी बच्चों का नशे से दूर रहने के बारे में मार्गदर्शन किया और अपने सभी अध्यापकों को भी सदैव स्कूल व घरों में सचेत रहने और नशे के विरुद्ध बच्चों को जागरूक करने की अपील की। कार्यक्रम में नेशनल पब्लिक स्कूल के डायरेक्टर अजय गर्ग एवं समिति सदस्य राधेश्याम लखोटिया भी मौजूद थे।