श्रीगंगानगर. फूलों से सजी गुरुग्रंथ साहिब की पालकी और इसके आगे चलते पांच प्यारे, जगह-जगह स्वागत करते श्रद्धालु, पुष्पवर्षा कर श्रद्धा दर्शाते लोग। शहर में शनिवार को गुरु तेग बहादुर के शहीदी गुरु पर्व के उपलक्ष्य में निकले नगर कीर्तन में कुछ ऐसा ही माहौल था। नगर कीर्तन का आयोजन शहर के विनोबा बस्ती स्थित गुरुद्वारा कलगीधर साहिब की ओर से किया गया था। आयोजन के लिए शनिवार सुबह से ही श्रद्धालु गुरुद्वारे में जुटने लगे थे।

नगर कीर्तन में शामिल पांच प्यारे और गुरुग्रंथ साहिब की पालकी।
बच्चों ने किया गतका
कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने गतका किया। नगर कीर्तन में सबसे आगे पंजाब का विशेष बैंड चल रहा था। इसके पीेछे बच्चे गतका करते हुए चल रहे थे। इन लोगों ने तलवार के करतब दिखाए। वहीं इसके पीछे बड़ी संख्या में श्रद्धालु थे। ये श्रद्धालु अलग-अलग शबद को संगीत की धुन के साथ गाते हुए चल रहे थे।

कीर्तन करते श्रद्धालु।
फूल बरसाकर किया स्वागत
नगर कीर्तन का जगह-जगह फूल बरसाकर स्वागत किया गया। कई जगह स्वागत द्वार लगाए गए वहीं कई जगह श्रद्धालुओं ने सड़क किनारे नगर कीर्तन में शामिल श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद का प्रबंध किया। श्रद्धालु शबद कीर्तन करते हुए आगे बढ़ते जा रहे थे। कार्यक्रम के दौरान शनिवार शाम को भी दीवान सजाया जाएगा। इसमें भाई बलविंद्रसिंह गुरु महिमा का गान करेंगे। वहीं सोमवार को होने वाले मुख्य आयोजन में भाई बलदेवसिंह गुरु की महिमा गाएंगे।