जैसलमेर
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की 4 दिसम्बर को जैसलमेर यात्रा से पहले जैसलमेर पुलिस ने दो कश्मीरी संदिग्ध युवकों को पकड़ा है। पुलिस को मिली सूचना के आधार पर बस में की गई यात्रियों की पूछताछ में दोनों कश्मीरी युवक पकड़ में आए। पुलिस दोनों युवकों से पूछताछ कर रही है। उधर, पुलिस इस बारे में कुछ भी कहने से बच रही है।
गृह मंत्री अमित शाह की जैसलमेर यात्रा के कारण भारत–पाकिस्तान सीमा से लेकर पूरे जैसलमेर में सभी एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं। जैसलमेर पुलिस भी जगह-जगह तैनात है। हर आने-जाने वाले आदमी से पूछताछ कर रही है। संदिग्ध लोगों से उनके दस्तावेज़ मांगे जा रहे हैं। शहर के चौराहों पर पुलिसकर्मी व सुरक्षाकर्मी नजर आ रहे हैं। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां हर संदिग्ध व्यक्ति पर नजर बनाए हुए है। इस समय बाहर से जैसलमेर आने जाने वाले लोगों पर भी सख्ती से नजर रखी जा रही है।