Thursday, May 7निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

गोल्ड-सिल्वर अपडेट:पिछले हफ्ते की गिरावट के बाद आज सोने-चांदी की चमक बढ़ी, साल के आखिर तक 53 हजार तक जा सकता है सोना

नई दिल्ली

पिछले हफ्ते की गिरावट के बाद आज यानी सोमवार को सोने-चांदी की चमक बढ़ी है। इंडियन बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) की वेबसाइट के अनुसार आज सर्राफा बाजार में सोना 223 रुपए महंगा होकर 47,926 प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया है। वहीं चांदी भी 231 रुपए की बढ़त पाकर 67,270 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई है।

वायदा बाजार में भी आज बढ़त
वायदा बाजार की बात करें तो MCX पर सोना 1:30 बजे सोना 151 रुपए की बढ़त के साथ 47,685 रुपए पर ट्रेड कर रहा है। चांदी भी 329 रुपए की बढ़त के साथ 67,353 रुपए पर ट्रेड कर रही है।

पिछले हफ्ते कम हुई थी चमक
शेयर मार्केट में बढ़त के चलते पिछले हफ्ते सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट देखी गई थी। पिछले हफ्ते सर्राफा बाजार में सोना 447 रुपए कम होकर शुक्रवार को 47,703 रुपए पर बंद हुआ था। ये हफ्ते की शुरुआत में 48,150 रुपए पर था। बीते हफ्ते में चांदी भी 650 रुपए सस्ती होकर 67,039 पर आ गई थी।

आने वाले दिनों में सोने में जारी रहेगी बढ़त
इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के नेशनल सेक्रेटरी सुरेंद्र मेहता कहते हैं कि कोरोना की दूसरी लहर के बाद अब बाजार में सोने की डिमांड बढ़ने लगी है। इससे आने वाले दिनों सोने के भाव और बढ़ सकते हैं। इस साल दिवाली तक सोना 51 हजार और साल के आखिर तक 53 हजार तक पहुंच सकता है।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोना 1809 डॉलर पर पहुंचा
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी आज सोना में अच्छी बढ़त देखी गई है। सोना आज यहां 1,809 अमेरिकी डॉलर प्रति औंस के करीब पहुंच गया है। 1 जुलाई को ये 1770 डॉलर के करीब था। एक्सपर्ट्स का मानना है के साल के आखिर तक सोना 2 हजार अमेरिकी डॉलर प्रति औंस तक जा सकता है।

बढ़ रही सोने की मांग
फाइनेंशियल ईयर 2021-22 की अप्रैल-जून तिमाही के दौरान सोने का इम्पोर्ट (आयात) 58 हजार 573 करोड़ रुपए (7.9 अरब डॉलर) का रहा। पिछले साल की समान तिमाही के मुकाबले सोने के इंपोर्ट में 10 गुना से भी ज्यादा की बढ़ोतरी हुई है। फाइनेंशियल ईयर 2020-21 में समान अवधि में सोने का आयात 5 हजार 208 करोड़ रुपए (68.8 करोड़ डॉलर) का रहा था। वहीं चांदी की बात करें तो जून तिमाही में चांदी का आयात पिछली साल की समान अवधि के मुकाबले 93.7% घटकर 293 करोड़ रुपए (3.94 करोड़ डॉलर) का रहा।

मिस्ड कॉल से जान सकते हैं भाव
22 कैरेट और 18 कैरेट गोल्ड ज्वैलरी के खुदरा रेट जानने के लिए 8955664433 पर मिस्ड कॉल दे सकते हैं। कुछ ही देर में SMS के जरिए करंट रेट्स मिल जाएंगे। इसके अलावा लगातार अपडेट्स की जानकारी के लिए www.ibja.co पर देख सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *